सिधौना : वैदिक मंत्रोच्चार के बीच राजकीय स्कूल में पंच पल्लव के रूप में रोपे गए पौधे, बच्चों ने लिया सुरक्षा का संकल्प

सिधौना। ख़ानपुर बाजार स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय परिसर में बुधवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। जहां पंच पल्लव सहित कुल 108 पौधे रोपे गए। इस दौरान सभी छात्र-छात्राओं ने अपने हाथों से एक-एक पौधे लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लिया। हेडमास्टर डॉ उमेशचंद्र मिश्र ने मंत्रोच्चारण करते हुए पीपल का पौधा लगाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद पंच पल्लव के तहत पीपल, पाकड़, गूलर, आम व बरगद के पौधों को रोपा गया। हेडमास्टर ने कहा कि प्रतीकात्मक रूप से ये पौधे हमारी पांच इंद्रियों का प्रतिनिधित्व करते हैं। ये उन पांच कोषों का प्रतिनिधित्व करते हैं, जिन्हें आध्यात्मिकता के मूल तक पहुंचने के लिए त्यागना पड़ता है। पूजा के दौरान पंच पल्लव के पांच पत्तों को जल के बर्तन के ऊपर रखा जाता है, जो देवी का प्रतीक है। इसी क्रम में सादीभादी स्थित अमृत सरोवर किनारे भाजपा नेता रामतेज पांडेय व बीडीओ धर्मेंद्र यादव के साथ एडीसीओ दिलीप वर्मा व सपा के विधानसभा अध्यक्ष कमलेश यादव ने पंचवटी का पौधा रोपा।

