सादात : जन्मदिन समारोह में शामिल होने गया युवक लापता, सुबह सुनसान इलाके में मिला खून से लथपथ, हड़कंप

सादात। बहरियाबाद थानाक्षेत्र के पखनपुर स्थित ईंट भट्ठे के पास एक व्यक्ति को अज्ञात बदमाशों ने मारपीट कर फेंक दिया। जिसके बाद हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने उपचार के लिए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से वाराणसी रेफर कर दिया गया। घटना के बाबत परिजनों ने तहरीर दी है। मिर्जापुर गांव निवासी राणा सिंह पुत्र मुन्ना सिंह मंगलवार को एक जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। रात तक जब वो वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश की लेकिन नहीं मिले। इस बीच सुबह सूचना मिली कि राणा सिंह कुछ ही दूरी पर पखनपुर गांव में सड़क किनारे घायल अवस्था में पड़े हैं और बाइक कुछ ही दूरी पर खेत में पड़ी है। परिजन आनन फानन में वहां पहुंचे तो देखा कि उन्हें बुरी तरह से पीटा गया और उनका सिर भी फट गया है। जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां से रेफर कर दिया गया। घटना के बाबत परिजनों ने थाने में तहरीर दी है।

