सिधौना : जलीय जीवन के लिए खतरनाक जलकुंभियों से अटी आदि गंगा के नाम प्रख्यात गोमती नदी, खेत सा बना नजारा

सिधौना। आदि गंगा नाम से प्रख्यात गोमती नदी बाढ़ के इस समय में खेत जैसी दिख रही है। जिसकी वजह पानी के ऊपर जलकुंभी की पूरी एक सतह बन जाना है। ऐसे में इन जलकुंभियों के कारण गोमती का सतत जल प्रवाह भी प्रभावित हो रहा है। साथ ही जलीय जीवों का जीवन संकट में पड़ गया है। गोमती नदी में इस समय जलकुंभी की भरमार है। नियार घाट से खरौना गांव के गंगा-गोमती संगम तक कई घुमावदार मोड़ से गुजरने वाली गोमती नदी में जलकुंभी अटी पड़ी है। मानसूनी बरसात से नदी में पानी बढ़ने के साथ ही जलकुंभी भी बढ़ने लगी है। गोमती के जल में जलीय जीवन के अस्तित्व पर मंडराते खतरे के रूप में जलकुंभी एक खतरनाक खर-पतवार है। ये जल में उत्पन्न होकर विभिन्न प्रजातियों के जीवन को संकट में डाल देती है। जौनपुर जिले से नियार घाट के रास्ते जनपद में प्रवेश करते ही गोमती नदी में जलकुंभियों ने गोमती नदी को पूरी तरह से ढंककर तेज प्रवाह को बाधित कर दिया है। जलीय कुंभी नदी के जल को कुपोषित करने के साथ ही कई जलचरों की सांसें भी अवरुद्ध कर देती है। जिससे या तो जलीय जीवन समाप्त हो जाता है या जलचर नदी से पलायन कर जाते हैं। जलकुंभी जलीय पौधों तक सूरज की रोशनी व ऊष्मा को नहीं पहुंचने देती, जिससे प्रकाश संश्लेषण की प्रक्रिया बाधित हो जाती है और जलीय पौधे इसके अभाव में समाप्त हो जाते हैं। जलकुंभी एक फ्री-फ्लोटिंग जलीय मेक्रोफाइट है, जो जलीय जंतुओं सहित सिंचाई व्यवस्था, सुचारू जल प्रवाह के लिए भी बाधा खड़ी करती है। गोमती नदी से होते हुए जलकुंभियों का झुंड गंगा नदी में पहुंच रहा है। गोमती नदी में जलकुंभी अधिक तेजी से फैलने से जलप्रवाह पर असर पड़ता ही है, और जलीय जीवन तथा आस पास की वनस्पतियों का जीवन भी संकट में पड़ जाता है।

