सैदपुर : सैदपुर तहसील में हुआ भाकपा माले का देशव्यापी प्रदर्शन, पूंजीपतियों की सरकार बता राष्ट्रपति को भेजा 12 सूत्रीय मांगपत्र





सैदपुर। नगर स्थित तहसील में बुधवार को अखिल भारतीय खेत ग्रामीण मजदूर सभा के बैनर तले भाकपा माले ने धरना प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को संबोधित 12 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। बुधवार की दोपहर 12 बजे कार्यकर्ताओं का हुजूम लाल झंडा लेकर तहसील में जुटा और धरने पर बैठ गया। वहां उन्होंने जमकर नारेबाजी करते हुए सरकार को घेरा और पूंजीपतियों की समर्थक व गरीबों की विरोध सरकार होने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार की नीतियों के विरोध में आज देशव्यापी हड़ताल व प्रदर्शन किया जा रहा है। मांग करते हुए कहा कि केंद्र सरकार द्वारा संसद में पारित किए गए लेबर कोड के जरिए मजदूर वर्ग के संघर्षों को छला गया है। कहा कि ये कानून मजदूर विरोधी व पूंजीपतियों के हित में है। उन कानूनों को वापस लेने व अन्य कानूनों को पुर्नस्थापित करने की मांग की। कहा कि संसद से पारित कृषि के तीनों काले कानूनों को वापस लेने के बाद अब सरकार राष्ट्रीय कृषि विपणन नीति के रूप में पिछले दरवाजे से उन कानूनों को लागू कर रही है। ऐसे में किसानों को फसलों पर एमएसपी की गारंटी दी जाए। कहा कि यूपी सरकार बिजली विभाग के निजीकरण के निर्णय को वापस लेकर गरीबों व मजदूरों को 100 यूनिट मुफ्त बिजली की गारंटी दे और स्मार्ट मीटर लगाने पर रोक लगे। कहा कि यूपी में स्कूलों के मर्जर का निर्णय सरकार वापस ले। साथ ही यूपी में बुलडोजर न्याय पर रोक लगाने की मांग करते हुए अकबरनगर में हुई कार्यवाही को उदाहरण बताया। कहा कि वहां आदिवासियों को जल, जंगल व जमीन से वंचित किया जा रहा है। साथ ही बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत आदि जिलों में मदरसों व मुस्लिम इबादतगाहों पर बुलडोजर चलाने का आरोप लगाते हुए उस पर रोक लगाने की मांग की। कहा कि ऐसा करके सुप्रीम कोर्ट के आदेश का भी उल्लंघन किया जा रहा है। बिहार में निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए गए जा रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण कार्य को तुगलकी फरमान बताते हुए इसे भी वापस लेने व मजदूरों व गरीबों को 5 हजार रूपए की प्रतिमाह पेंशन की मांग की।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जंगीपुर : बदमाशों ने पिस्टल सटाकर सर्राफा व्यवसायी से दिनदहाड़े लूट का किया प्रयास, व्यापारी की हिम्मत के चलते बच गए आभूषण
जखनियां : किसान व मजदूर यूनियन ने जुलूस निकालकर तहसील में किया प्रदर्शन, एसडीएम को पत्रक देकर की मांग >>