जंगीपुर : बदमाशों ने पिस्टल सटाकर सर्राफा व्यवसायी से दिनदहाड़े लूट का किया प्रयास, व्यापारी की हिम्मत के चलते बच गए आभूषण





जंगीपुर। थानाक्षेत्र के नसीरपुर-ऊसरगांव मार्ग स्थित एक सर्राफा व्यवसायी को बदमाशों ने पिस्टल सटाकर दिनदहाड़े लूट का प्रयास किया। लेकिन व्यवसायी बदमाशों से भिड़ गया और शोर मचाने लगा। जिसके चलते बदमाशों को जेवरों से भरा बैग फेंककर अपनी जान बचाकर भागना पड़ा। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। मनिहारी निवासी शुभम वर्मा उक्त मार्ग पर शुभम आभूषण भंडार के नाम से दुकान चलाता है। सोमवार की देर शाम दुकान बंद करने के पूर्व वो आभूषणों को एक बैग में भरकर आलमारी में रख रहा था। तभी एक बाइक से ऊसरगांव की तरफ से 3 बदमाश आए और उस पर से 2 बदमाश उतरे और दुकान में गए। वहां उन्होंने गले के सोने की लॉकेट मांगी। जब शुभम ने कहा कि लॉकेट नहीं है तो बदमाश ने पिस्टल निकालकर उसे सटा दिया। इसके बाद लॉकर की चाबी मांगने लगा तो डर के मारे शुभम ने चाबी दे दी। जिसके बाद बदमाशों ने जेवरों को बैग में रखा और बाकी जो बचा उसे अपनी जेब में रख लिया और भागने लगे। लेकिन अंतिम दौर में शुभम ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों से बैग छीनने के लिए जूझ पड़ा और शोर मचाने लगा। जिसके बाद आसपास के लोग वहां दौड़े। ये देख बदमाशों ने उससे बैग छुड़ाने का प्रयास किया लेकिन जब शुभम ने बैग नहीं छोड़ा तो बदमाश बैग को वहीं फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने सुरागकशी की लेकिन कुछ पता नहीं चल सका।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : गुरु पूर्णिमा पर शिवपूजन बाबा आश्रम में होगा भव्य आयोजन, 11 कुंतल बेसन से बनेगा महाप्रसाद
सैदपुर : सैदपुर तहसील में हुआ भाकपा माले का देशव्यापी प्रदर्शन, पूंजीपतियों की सरकार बता राष्ट्रपति को भेजा 12 सूत्रीय मांगपत्र >>