सादात : हुरमुजपुर में बर्निंग ट्रेन बनने से बची डेमू ट्रेन, ओएचई तार टूटकर गिरने से आधा दर्जन यात्री घायल, आधा दर्जन ट्रेनें बाधित





सादात। क्षेत्र के हुरमुजपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक डेमू ट्रेन पर हाईटेंशन ओएचई तार टूटकर गिरने से वो बर्निंग ट्रेन बनने से बाल बाल बच गई। लेकिन घटना में ट्रेन में सवार आधा दर्जन यात्री आंशिक रूप से घायल हो गए। करीब 4 घंटे बाद मऊ से आए डीजल इंजन को उसमें जोड़ा गया, तब जाकर मंगलवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे ट्रेन आगे रवाना हो सकी। वहीं इसके चलते आधा दर्जन सवारी गाड़ियां व एक्सप्रेस ट्रेनें अन्य स्टेशनों पर खड़ी हो गई थीं। जिससे उनमें सवार यात्रियों को भी भारी मुसीबत का सामना करना पड़ा। मंगलवार को भटनी से वाराणसी सिटी जा रही डेमू ट्रेन जखनियां से सादात रेलवे स्टेशन के बीच हुरमुजपुर गांव से गुजर रही थी। उसी समय ओएचई तार टूटकर ट्रेन के इंजन पर गिर पड़ा। ट्रेन की स्पीड अधिक होने के चलते करीब 7-8 पोल तक के तार टूटकर गिर पड़े। जिसके चलते उसमें सवार आधा दर्जन यात्रियों को हाथ में आंशिक चोटें आईं। लेकिन संयोग अच्छा था कि तार टूटते ही ऑटो कट का सिस्टम होने के चलते करंट तत्काल ही कट गया, जिससे बड़ा हादसा नहीं हुआ और सवारियों से भरी डेमू बर्निंग ट्रेन बनने से बाल-बाल बच गई। करीब 4 घंटे बाद दोपहर डेढ़ बजे मऊ से आये डीजल इंजन को उसमें जोड़कर उसे वाराणसी की तरफ रवाना किया गया। इधर तार टूटने के चलते कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। जिसमें कई सवारी गाड़ियों सहित लिच्छवी, हमसफर, गोरखपुर-मुंबई काशी एक्सप्रेस, हमसफर एक्सप्रेस आदि को जगह-जगह खड़ी कर दिया गया था और वो घंटों की देरी से डाउन पटरियों से गंतव्य के लिए रवाना हुईं। वहीं जखनियां व दुल्लहपुर में दादर व कृषक एक्सप्रेस को खड़ी कर दिया गया था। बाद में डाउन टै्रक से इन ट्रेनों को आगे रवाना किया गया। इसके बाद सादात स्टेशन मास्टर की सूचना पर मऊ और औड़िहार से टॉवर वैगन मंगाया गया, जिसके जरिए रेलवे इंजीनियरों के निर्देशन में रेलकर्मी टूटे ओएचई तार की मरम्मत कने में जुट गए। वहीं तार टूटने के चलते ट्रेन रूकने से यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार को तापमान काफी अधिक होने के चलते यात्रियों का गर्मी में बुरा हाल हो गया। ट्रेन के अंदर उमस व बाहर बेहद कड़ी धूप थी। जिसके चलते अधिकांश यात्री बाहर निकलकर सड़क मार्ग से गंतव्य को रवाना हो गए। पूरे दिन की कड़ी मशक्कत के बाद शाम करीब 5 बजे तक टूटे ओएचई तार की मरम्मत की जा सकी, तब जाकर अप लाइन से ट्रेनों को रवाना किया जाने लगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< मरदह : सऊदी अरब में मृत पिता का 2 माह से शव मांग रहे बच्चे व पत्नी, सरकार से लगायत हर कोई तटस्थ, आखिरकार धरने पर बैठे बच्चे
जमानियां : गंगा की बाढ़ से बचाव को बोल्डर बाइंडिंग के लिए बोल्डर गिरा रहा डंफर पलटा, मचा हड़कंप >>