मरदह : सऊदी अरब में मृत पिता का 2 माह से शव मांग रहे बच्चे व पत्नी, सरकार से लगायत हर कोई तटस्थ, आखिरकार धरने पर बैठे बच्चे

मरदह। क्षेत्र के सक्कापुर गोविंदपुर कीरत गांव निवासी युवक का शव सउदी अरब से दो माह बाद भी घर नहीं आया है। जिसके बाद थकहार कर बच्चों ने धरना देकर पिता का शव घर लाने की गुहार लगाई है। गांव निवासी अर्जुन चालक सउदी अरब में पोकलेन चालक के रूप में काम करने गया था। वहां 2 माह पूर्व उसकी मौत हो गई। उसकी पत्नी सुमित्रा ने बताया कि बीते साल अगस्त माह में ही अर्जुन की तबीयत खराब हो गई थी। जिसके बाद पत्नी ने भारत व यूपी सरकार सहित जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाई कि वहां कंपनी में समुचित इलाज नहीं हो रहा है। ऐसे में पति को घर लाने की गुहार लगाई। आखिरकार 30 अप्रैल को उनकी वहीं पर मौत हो गई। अब मौत के बाद भी कंपनी ने शव को भारत नहीं भेजा है। पिता का शव घर लाने के लिए उनके पुत्र व परिजन अब तक विदेश मंत्रालय से लगायत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गाजीपुर सांसद अफजाल अंसारी, बलिया सांसद सनातन पांडेय आदि के यहां गुहार लगा चुके हैं लेकिन अब तक शव नहीं आ सका। यहां तक कि राष्ट्रपति को भी पत्र भेजा है। आखिरकार उनके बच्चों ने शांतिपूर्ण ढंग से धरना देकर सरकार व जिम्मेदारों से पिता का अंतिम दर्शन कराने के लिए शव को भारत लाने की गुहार लगाई है।

