देवकली : एक पेड़ मां के नाम अभियान तहत धामूपुर धरवां में एमएलसी ने किया पौधरोपण, यादगार दिनों व मां के नाम पौधरोपण की अपील

देवकली। क्षेत्र के धामूपुर धरवां गांव में पीएम द्वारा आहूत ‘एक पेड़ मां के नाम अभियान’ कार्यक्रम के तहत रविवार को पौधरोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान बतौर मुख्य अतिथि एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने पौधरोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कहा कि तेजी से हो रहे पर्यावरण क्षरण के बीच हम सभी को पौधे लगाने के बहाने ढूंढने चाहिए। कहा कि इसके लिए सबसे बेहतर तरीका है हम अपनी मां या अपने पूर्वजों की याद में पौधे रोपें। उन्होंने अपने जन्मदिन या किसी भी यादगार दिनों पर भी पौधे रोपने की अपील की। कहा कि पेड़ों से जहां एक तरफ हमें इमारती लकड़ी मिलती है, वहीं पर्यावरण संरक्षण होता है। कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रुप से पौधरोपण अभियान चलाना चाहिए। इस दौरान परिसर में नीम, जामुन, आम, सागौन, शीशम, कदंब आदि फलदार व छायादार पौधे रोपे गए। इस मौके पर क्षेत्रीय वन अधिकारी अनिल सिंह, अपर वन अधिकारी कुलदीप सिंह, दिनेश यादव, वनरक्षक विजय चौहान, नरेन्द्र मौर्य आदि रहे। आभार वन दरोगा संतोष कुशवाहा ने ज्ञापित किया।

