सैदपुर : गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स एकेडमी की शान में फिर चमका एक सितारा, एकेडमी के आकाश का साई छात्रावास में हुआ चयन





सैदपुर। क्षेत्र के करमपुर निवासी आकाश कुमार का चयन स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के खेल छात्रावास में हो गया है। आकाश कुमार गौतम स्पोर्ट्स अकादमी में बीते 5 वर्षों से ताईक्वांडो का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे। प्रशिक्षण के दौरान आकाश ने अकादमी की तरफ से खेलते हुए दर्जनों राज्य व राष्ट्रीय पदक जीते। उनकी इस उपलब्धि के बाद क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। इस बाबत आकाश के ताईक्वांडो कोच व गौतम स्पोर्ट्स अकादमी गैबीपुर के प्रबंध निदेशक अमित कुमार सिंह ने बताया कि आकाश बचपन से ही एक अनुशासित व नियमित अभ्यास करने के लिए अकादमी आने वाला खिलाड़ी रहा है। बीते राष्ट्रीय ताईक्वांडो प्रतियोगिता में आकाश ने स्वर्ण पदक जीतकर पूरे देश के सामने अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया और उसकी इन्हीं शानदार व राष्ट्रीय उपलब्धियों को देखते हुए साई के चयनकर्ताओं ने अपनी सूची में आकाश को शामिल करते हुए उसे साई छात्रावास में शामिल कर दिया। चयन के बाद खिलाड़ी आकाश ने अपनी इस उपलब्धि का पूरा श्रेय अपनी मां आशा देवी, पिता हरिश्चंद्र व चाचा जयशंकर भारती के साथ ही कोच अमित कुमार सिंह को दिया। वहीं गांव की इस उपलब्धि से उत्साहित ग्रामीणों ने करमपुर में सम्मान समारोह का आयोजन किया। जहां उन्होंने चयनित ताईक्वांडो खिलाड़ी आकाश कुमार व उनके कोच अमित कुमार सिंह को सम्मानित किया। समारोह में एडवोकेट राममूरत राम ने कहा कि कोच अमित कुमार सिंह को मैं बचपन से जानता हूँ। इनके पिता के दिए संस्कार इनमें कूट-कूटकर भरे हैं। कहा कि आज अमित सिंह के संरक्षण में संचालित गैबीपुर के गौतम स्पोर्ट्स अकादमी से दर्जनों राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल रहे हैं। अभी वर्तमान में भी एकेडमी का एक खिलाड़ी ऋषि राय अमेरिका में अपना जलवा दिखाते हुए स्वर्ण पदक पाकर क्षेत्र का नाम रोशन कर रहा है। कहा कि इस अकादमी के ताईक्वांडो और बॉक्सिंग के खिलाड़ी देश के लगभग हर साई सेंटर, आर्मी ब्वॉयज कंपनी में मिल जाएंगे। अकादमी के करीब 1 दर्जन खिलाड़ी तो उत्तर प्रदेश पुलिस और भारतीय थल सेना में भी भर्ती हो चुके हैं। इसी अकादमी के पंकज यादव, अभिषेक यादव, विनय कुमार, ऋषि राय, ऋषिता राय, स्वप्निल सिंह जैसे खिलाड़ियों ने देश का मान विदेशों में बढ़ाया है। कहा कि वो दिन दूर नहीं जब हमारे समाज का आकाश कुमार भी देश की शान में चार चांद लगाएगा। इस मौके पर क्रीड़ा भारती के जिला सहमंत्री जयशंकर यादव, संतोष यादव, विपूज कुशवाहा, विशाल कुमार, नन्दलाल बौद्ध, सुभाष राम दरोगा, श्याम कुमार, प्रमोद यादव, जयहिंद यादव, आशुतोष कुमार, प्रवीण राणा, सुदामा राम, डा. रामअवध प्रेमी आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : 21 जुलाई को स्थापना दिवस मनाने की संगठन ने बनाई रणनीति, डॉ. आरपी पांडेय को बनाया प्रवक्ता
जखनियां : भुड़कुड़ा पीजी कॉलेज में स्नातक व स्नातकोत्तर में अब 20 जुलाई तक होंगे नामांकन, प्राचार्य ने दी जानकारी >>