सादात : अराजक तत्व ने 10 मुहर्रम के मातमी जुलूस पर फेंका पत्थर, युवक घायल, लोगों की सूझबूझ से बिगड़ने से बाल-बाल बचा धार्मिक सौहार्द

सादात। नगर में बीती रात निकले 10 मुहर्रम के जुलूस में किसी अराजक तत्व ने एक पत्थर फेंककर माहौल को खराब करने का प्रयास किया। घटना में जुलूस में शामिल एक युवक को पत्थर लगने से वो घायल हो गया। जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। वहीं जुलूस में शामिल लोग नारेबाजी करने लगे। जिसके बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए। हालांकि बाद में लोगों ने मामले को संभाल लिया और समझाकर जुलूस को आगे रवाना किया। बाद में मौके पर सीओ भी पहुंचे और मुआयना किया। रविवार की रात में सादात नगर में मोहर्रम का जुलूस निकला था। जिसमें शामिल सभी मातम करते हुए चल रहे थे। इस बीच किसी अराजक तत्व ने जुलूस पर पत्थर फेंक दिया और वो पत्थर जुलूस में शामिल वार्ड 4 निवासी 25 वर्षीय अरमान पुत्र निजामुद्दीन के सिर पर लगी। जिससे उसके सिर से खून निकलने लगा। ये देख जुलूस में शामिल लोग आक्रोशित हो गए और वहीं नारेबाजी करने लगे। ये देख साथ चल रही पुलिस के हाथ पांव फूल गए। तत्काल पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजकर उपचार कराया और लोगों को समझाने लगे। लोगों ने एक घर से पत्थर आने की आशंका जताई तो पुलिस ने घर में तलाशी कराई लेकिन वहां से कुछ नहीं मिला। इधर जुलूस में शामिल लोगों व अन्य धर्म के लोगों ने समझाया बुझाया, तब जाकर वो शांत हुए और जुलूस आगे रवाना हुआ। घटना के बाद सीओ अनिल कुमार भी मौके पर पहुंचे और मुआयना किया।

