देवकली : देवकली ब्लॉक ने पूरे प्रदेश में बढ़ाया जिले का नाम, यूपी के 108 ब्लॉकों में हासिल की तीसरी रैंकिंग, मिलेगा 1 करोड़ रूपए का ईनाम

देवकली। गाजीपुर के देवकली ब्लॉक ने पूरे गाजीपुर का सिर उत्तर प्रदेश में ऊंचा कर दिया है। मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना ’आकांक्षात्मक विकास खंड-2024-25’ के तहत प्रदेश सरकार द्वारा जारी रैंकिंग में देवकली ब्लॉक ने पूरे प्रदेश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है। इस शानदार उपलब्धि के लिए प्रदेश सरकार ने देवकली ब्लॉक को 1 करोड़ रूपए का विशेष विकास अनुदान प्रदान किया है। अपने ब्लॉक की इस उपलब्धि पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि उपेंद्र लाल यादव ने ब्लॉक के लोगों व कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनका आभार जताया। कहा कि ये सम्मान पूरी टीम के समर्पण और लगातार मेहनत का परिणाम है। कहा कि हमारा एक ही मकसद है कि देवकली का समग्र और स्थायी विकास हो। कहा कि सड़क हो या नाली, स्वास्थ्य हो या शिक्षा, हम हर समस्या का समाधान प्राथमिकता से कर रहे हैं। कहा कि जनता की समस्याएं ही हमारी जिम्मेदारी हैं और हम इसके लिए हर वक्त मैदान में हैं। कहा कि शासन से मिले इन 1 करोड़ रूपयों को पारदर्शी ढंग से उन योजनाओं में खर्च किया जाएगा, जो सीधे जनता से जुड़कर उनके जीवन को बेहतर बनाएंगी। बताया कि हमारा अगला लक्ष्य देवकली को प्रदेश में तीसरे से पहले स्थान पर पहुंचाना है। कहा कि आकांक्षात्मक विकास खंड योजना का उद्देश्य राज्य के पिछड़े और जरूरतमंद क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी सुधार लाना है। देवकली ब्लॉक इसी सोच के साथ दिन-रात आगे बढ़ रहा है। बता दें कि इस योजना के तहत प्रदेश के सभी ब्लॉकों का अलग-अलग मानकों पर मूल्यांकन किया गया था। जिनमें स्वास्थ्य, शिक्षा, बुनियादी ढांचा, ग्रामीण जीवन स्तर और सरकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन शामिल था। देवकली ब्लॉक ने इन सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया।

