सैदपुर : मुहर्रम जुलूस में शामिल डीजे व जेनेरेटर वाहन में लगी आग से मची अफरातफरी, जान बचाने कूदकर भागे लोग, अंधेरे में ताजिये रवाना

सैदपुर। नगर में 10 मोहर्रम का जुलूस सोमवार की भोर 3 बजे तक चला और फिर कर्बला में सभी ताजियों को दफन किया गया। लेकिन बीती रात जुलूस में बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। रविवार को मोहर्रम होने के चलते रौजा द्वार से जुलूस निकाला गया। भारी पुलिस फोर्स की सुरक्षा के बीच जुलूस वहां से रवाना हुआ। जिसमें शामिल युवाओं द्वारा बनेठी, लकड़ी आदि से करतब दिखाए जा रहे थे और हजरत साहब की याद में सीनाजनी करते हुए मातम मना रहे थे। जुलूस में पूरे नगर से कुल 7 बड़े-छोटे शामिल किए थे। जिसमें लाइट लगाए गए थे। उन सभी ताजियों में लगे बल्ब को बिजली देने के लिए सबसे आगे बड़ा जेनेरेटर लगाया गया था और उसी गाड़ी पर बड़ा डीजे साउंड लगाया गया था, जिससे उसकी ऊंचाई कुछ ज्यादा ही हो गयी थी। रविवार की रात करीब 12 बजे अभी जुलूस वार्ड 9 में पहुंचा था कि तभी जेनेरेटर वाले वाहन पर शार्ट सर्किट से अचानक अंदरूनी आग के चलते तेज धुआं उठने लगा। ये देख वहां हड़कम्प मच गया और वाहन के ऊपर बैठे सभी लोग अनहोनी की आशंका में कूदकर भागने लगे। इधर उसी पर मौजूद लाइनमैन ने समझदारी दिखाते हुए फौरन जेनेरेटर से बिजली आपूर्ति करने वाले तार को ही काट दिया। जिससे आग बाहर निकलकर फैल नहीं सकी और उस पर नियंत्रण कर लिया गया। इधर घटना देख वहीं मौजूद जॉइंट मजिस्ट्रेट रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड, नायब तहसीलदार अजय वर्मा व कोतवाल योगेंद्र सिंह मौके पर गए और उक्त वाहन को ताजियों से अलग कराकर वहां से जाने को कहा। इसके बाद बिना डीजे व बिना रोशनी के ताजियों को रानी चौक लाना पड़ा, जहां करतब आदि के बाद कर्बला में ले जाकर दफन किया गया। सुरक्षा के लिए मुख्यालय से आई क्यूआरटी सहित कोतवाल मय फोर्स साथ चल रहे थे। रास्ते में मुस्लिम बन्धुओं ने जगह-जगह ठंडे पेय का इंतजाम किया था।

