जखनियां : पंपिंग सेट का तार जोड़ रहे अधेड़ को करंट लगने से मौत, मचा कोहराम, विदेश में नौकरी करता था अधेड़

जखनियां। भुड़कुड़ा थानाक्षेत्र के घटारो गांव में पंपिंग सेट का तार जोड़ने के दौरान अधेड़ को करंट लग गया। जिससे उसकी दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिसने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव निवासी 50 वर्षीय निरहू चौहान विदेश में नौकरी करता था और 2 माह पूर्व छुट्टी पर घर आया था। शाम को बिजली आई तो वो खेत में धान की रोपाई के लिए वहां लगे पंपिंग सेट को चालू करने गया। लेकिन वहां तार कटा हुआ था। उसी तार को वो जोड़ने लगा तभी लापरवाही के चलते उसे करंट लग गया और वो गंभीर रूप से झुलसकर वहीं गिर गया। काफी देर तक जब वो घर नहीं पहुंचा तो परिजन खेत में पहुंचे, जहां वो गिरा पड़ा था। परिजन उसे अस्पताल लेकर जा रहे थे लेकिन उसकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी कांति देवी सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। वो अपने पीछे 3 भाईयों सहित पूरा परिवार छोड़ गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

