सैदपुर : उप्र प्राशिसं ने स्कूलों के मर्जर के विरोध में एक्स पर चलाया अभियान, 2 घंटे तक पूरे भारत में नंबर 1 पर रहा हैशटैग





सैदपुर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ द्वारा प्रान्तीय कार्यसमिति के निर्णय के अनुसार परिषदीय विद्यालयों के मर्जर के विरोध के द्वितीय चरण में रविवार को ट्विटर अभियान चलाया गया और मर्जर कानून को खत्म करने के लिए सरकार का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान संघ के जिलामंत्री इसरार अहमद सिद्दिकी के नेतृत्व मे प्रत्येक न्याय पंचायतों में शिक्षकों की टीम बनाकर उनसे एक्स पर ट्वीट कराया गया। जिसमें न्याय पंचायत के शिक्षक, ग्राम प्रधान, एसएमसी सदस्य व अभिभावक शामिल रहे। प्रत्येक टीम द्वारा हैशटैग जस्टिस फॉर स्कूल्स चिल्ड्रेंस को दोपहर 1 से 4 बजे तक ट्वीट कराया गया। जिसके बाद भारत में ये हैशटैग करीब 2 घंटे तक नम्बर एक पर ट्रेंड करता रहा। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव ने बताया कि आन्दोलन के तीसरे चरण में 8 जुलाई को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पर सुबह 10 बजे से धरना दिया जायेगा। इस धरने को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ व संयुक्त रसोइयां मोर्चा ने अपना समर्थन प्रदान किया है। यह धरना शिक्षकों के सरप्लस पदों को खत्म करने, विद्यालयों को मर्ज करने व रसोइयों की सेवा समाप्ति से जुड़ा हुआ है। बताया कि इस धरने में जनपद के सभी शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र व रसोईया प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही सम्बन्धित ग्राम सभा के ग्राम प्रधान, अभिभावक व एसएमसी सदस्य को भी प्रतिभाग करने के लिए जागरुक किया जायेगा। कहा कि वर्तमान में चल रही मर्जर प्रक्रिया से जहाँ छात्रों से विद्यालयों की दूरी अधिक होगी, वहीं हजारों रसोईयों की सेवा समाप्त हो जाएगी। इस प्रकिया को पूर्ण करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा सम्बन्धित प्रधानाध्यापकों एवं ग्राम प्रधान, विद्यालय प्रबन्ध समिति पर दबाव बनाकर विद्यालय बन्द करने के समर्थन में प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। जिलाध्यक्ष ने कहा कि लोकतंत्र में इस प्रकार विद्यालय बन्द करके नौनिहालों के शिक्षा से खिलवाड़, हजारों प्रधानाध्यापकों के पद एवं रसोइयों की सेवा समाप्ति जैसे निर्दयी एवं कठोर निर्णय की कल्पना नहीं की जा सकती है। उन्होंने इसे जनविरोधी शासनादेश बताते हुए परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत सभी ब्लॉक पदाधिकारी शिक्षकों से आह्वान किया कि वो अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने ब्लॉक से शिक्षक, अनुदेशक, शिक्षामित्र व रसोईया को इस विद्यालय बचाओ आन्दोलन के धरने में शरीक कराएं।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : अभिनव सिन्हा की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी का असामयिक निधन, महकमे में शोक की लहर
जखनियां : पंपिंग सेट का तार जोड़ रहे अधेड़ को करंट लगने से मौत, मचा कोहराम, विदेश में नौकरी करता था अधेड़ >>