गाजीपुर : रफ्तार का कहर! हाईस्पीड कार ने बाइक को रौंदा, 2 साल की मासूम समेत 3 की दर्दनाक मौत, महिला की हालत गंभीर

गाजीपुर। सदर थानाक्षेत्र के चौकियां-बेलवा कट के पास रफ्तार के कहर ने जमकर कोहराम मचाया। तेज रफ्तार कार द्वारा बाइक को रौंदने से बाइक सवार मासूम बच्ची समेत 3 की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं एक महिला की हालत गंभीर बनी हुई है। बलिया जिले से एक युवक दो महिलाएं व 2 साल की बच्ची को लेकर गाजीपुर की तरफ जा रहा था। अभी वो बेलवा-चौकियां मार्ग पर ही थे कि तभी कट के पास तेज रफ्तार चार पहिया ने बाइक को रौंद दिया। जिसमें बाइक सवार बलिया के करछहीं बरूआ निवासी 26 वर्षीय संजीत पाल पुत्र परमानंद पाल, 2 साल की अस्मिता पाल व गाजीपुर के नसीरपुर निवासिनी चंद्रब्योति देवी पत्नी हनुमान पाल की मौके पर ही बेहद दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पीछे बैठी 36 वर्षीय कुंती देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजा। जहां से उसे रेफर कर दिया गया। वहीं मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इधर घटना के बाद मृतक के परिजनों में हाहाकार मच गया।

