दिलदारनगर : तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुसी, युवक की मौत, 2 की हालत गंभीर, रेफर





दिलदारनगर। थानाक्षेत्र के फरीदपुर में बीती देर रात बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुस गई। जिससे युवक की मौत हो गई। वहीं 2 गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाया गया। फतेहपुर निवासी 25 वर्षीय प्रमोद यादव पुत्र जगधर यादव बीती रात अपने दो मित्र 28 वर्षीय प्रवीण पाल पुत्र अशोक व दिलदारनगर बाजार निवासी 26 वर्षीय टीपू पुत्र इरफान के साथ बाइक से बीती रात भदौरा की तरफ जा रहा था। अभी वो फरीदपुर के पास पहुंचा था कि तभी सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में बाइक घुस गई। बाइक की रफ्तार काफी अधिक होने के चलते बाइक चला रहे प्रमोद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और बाकी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को अस्पताल भेजा। जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी वंदना सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल था। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद तहसीलदार सुनील कुमार मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। मृतक 2 बहनों का इकलौता भाई था और पुणे में काम करता था। अभी 20 दिनों पूर्व ही छुट्टी पर घर आया था। वो अपने पीछे पत्नी समेत पूरा परिवार छोड़ गया है। रक्षाबंधन के एक माह पूर्व इकलौते भाई को खो देने के बाद बहनों का भी रो-रोकर बुरा हाल था।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< करंडा : सुआपुर गांव में गोशाला निर्माण में भ्रष्टाचार की सीमाएं पार, प्रधान पति ने इस तरह से भ्रष्टाचार को बता दिया ‘लोकाचार’
गाजीपुर : जमानियां में मुख्य समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनी समस्याएं, पुलिस व राजस्व अधिकारियों को दिया निर्देश >>