करंडा : सुआपुर गांव में गोशाला निर्माण में भ्रष्टाचार की सीमाएं पार, प्रधान पति ने इस तरह से भ्रष्टाचार को बता दिया ‘लोकाचार’





करंडा। योगी सरकार की भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस की नीति के बावजूद करंडा के सुआपुर में मनरेगा के तहत बन रही गौशाला की बाउंड्री वॉल में खुलेआम भ्रष्टाचार किया जा रहा है। निर्माण कार्य में घटिया किस्म की ईंटों और मानक के विपरीत सफेद बालू का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। पिलर में भी कमजोर सरिया डाले जा रहे हैं, जिससे निर्माण की मजबूती और टिकाऊपन पर गंभीर सवाल उठ खड़े हुए हैं। गौशाला निर्माण कार्य में गुणवत्ता के साथ जमकर समझौता किया जा रहा है। इस बाबत प्रधान पति प्रकाश सोनकर ने इस तरह के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि मेरे यहां सब काम नियम व मानक के अनुसार हो रहा है। निर्माण में लाल बालू के साथ सफेद बालू भी मिलाया जा रहा है, जो तकनीकी रूप से स्वीकार्य है। हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि प्रयोग की जा रही ईंटें पूरी तरह से प्रथम श्रेणी की नहीं द्वितीय श्रेणी की हैं। इसके बाद इसे कार्य की जरूरत बताते हुए उचित ठहराया। वहीं ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच व जिला प्रशासन से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इस बाबत बीडीओ को फोन करने पर उनका फोन नहीं उठा। वहीं इस बाबत सीडीओ संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि मामला अब तक संज्ञान में नहीं था, अब जांच के लिए तत्काल बीडीओ को निर्देश दिया जा रहा है। वहीं डीसी मनरेगा विजय यादव ने कहा कि सुआपुर गांव की शिकायतें काफी अधिक हैं। बीडीओ को फोन कर अवगत करा रहे हैं और सोमवार को मैं खुद मौके पर आकर जांच करूंगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सैदपुर : नगर के व्यस्ततम सड़क पर आपस में लड़ने लगे ‘हैवीवेट’ सांड, चाट के ठेले में टक्कर से युवक घायल, हजारों का सामान बर्बाद
दिलदारनगर : तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली में घुसी, युवक की मौत, 2 की हालत गंभीर, रेफर >>