सैदपुर : नगर के व्यस्ततम सड़क पर आपस में लड़ने लगे ‘हैवीवेट’ सांड, चाट के ठेले में टक्कर से युवक घायल, हजारों का सामान बर्बाद

सैदपुर। नगर क्षेत्र की सड़कों पर आवारा सांडों का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। नगर की व्यस्ततम सड़कों पर खुलेआम दो सांडों के टकराने के चलते आए दिन कोई न कोई घायल होता रहता है और सड़क किनारे मौजूद दुकानों को भी नुकसान होता रहता है। इसी तरह शुक्रवार की रात में दो सांडों के आपस में लड़ने के दौरान उनकी चपेट में आकर एक युवक घायल हो गया। वहीं उसका चाट का ठेला भी उलटकर हजारों कीमत का सामान नष्ट हो गया व ठेला टूट गया और युवक घायल हो गया। शुक्रवार की रात में मां काली मंदिर गली के मुहाने पर चाट का ठेला लगा था। जहां बहुत से लोग चाट खा रहे थे। इस बीच वहां 2 सांड आपस में सड़क पर ही लड़ने लगे। लड़ते हुए वो ठेले के पास आ गए और ठेले को टक्कर मार दी। संयोग अच्छा था कि बाकी लोग मौके से भाग गए लेकिन ठेला संचालक 20 वर्षीय अखिलेश कश्यप दुर्भाग्यवश अंदर फंस गया। जिससे वो घायल हो गया। वहीं उसका ठेला टूट गया और सामान जमीन पर बिखर जाने से उसका हजारों का नुकसान हो गया। काफी देर बाद सांड वहां से गए। इधर घटना के समय सड़क पर हड़कंप मच गया था। बता दें कि सड़क के व्यस्ततम सड़क नई सड़क सब्जी मंडी, काली मंदिर के पास मुख्य मार्ग आदि पर आए दिन सांड बीच सड़क पर टकराते हैं, जिसमें लोगों का खूब नुकसान होता है लेकिन इस दिशा में कोई कुछ नहीं करता। जबकि इस पर लगाम लगाने के लिए युवा सामाजिक कार्यकर्ता संघ के अध्यक्ष व समाजसेवी रमेश यादव डब्लू ने पूर्व में एसडीएम से लगायत मुख्यमंत्री तक पत्रक भेजा है। इसके बावजूद सड़क पर आवारा पशुओं की समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। लोगों ने आवारा पशुओं को गोशाले में बंद कराने की मांग की है।

