भीमापार : बेहतर पर्यावरण के लिए जगदीशपुर कंपोजिट स्कूल में चला पौधरोपण अभियान, बच्चों ने ली देखभाल की जिम्मेदारी

भीमापार। पर्यावरण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से क्षेत्र के जगदीशपुर स्थित कम्पोजिट विद्यालय में पौधरोपण अभियान चलाया गया। जहां शिक्षकों ने बच्चों के साथ मिलकर 60 फलदार और छायादार पौधे लगाए। सहायक अध्यापक सोनू खरवार ने कहा कि वातावरण में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए सरकार द्वारा ज्यादा से ज्यादा पौधरोपण करने को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि हम वातावरण शुद्ध बना सकें। कहा कि पौधे ही एकमात्र साधन हैं, जिनके माध्यम से हम अपने पर्यावरण को संरक्षित कर सकते हैं। शिक्षिका पूजा मिश्रा ने पर्यावरण संरक्षण पर चर्चा करते हुए बच्चों को बताया कि पौधे हमें आक्सीजन प्रदान करते हैं तथा हानिकारक गैस कार्बन डाइऑक्साइड को अवशोषित कर लेते हैं। हमें पौधे लगाने चाहिए, न कि उन्हें काटना चाहिए। कहा कि पौधे ही वर्षा में सहायक होते हैं व तापमान की वृद्धि में कमी लाते हैं। हमारे जीवन में पेड़ पौधों की बहुत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। अंत में बच्चों ने पौधों की देखभाल निराई तथा सिंचाई की जिम्मेदारी ली। इस मौके पर मनोज सिंह, सतिराम, जैनब रहमान, अनीता यादव, गीता देवी, सोहन यादव आदि रहे।

