सादात : बिजली विभाग के जेई की बोलेरो से बाइक की सीधी भिड़ंत में बाइक सवार की मौत, मुकदमा दर्ज

सादात। थानाक्षेत्र के डोरा स्थित मुसहर बस्ती के पास शुक्रवार की शाम बाइक और बोलेरो की सीधी टक्कर में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे सीचएसी लाया गया, जहां से उसे वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। जिसके बाद चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बिजली विभाग के जेई मनोज पटेल विद्युत उपकेंद्र से सादात की तरफ बोलेरो से आ रहे थे। तभी बस्ती के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार बाइक व जेई के बोलेरो की टक्कर हो गई। जिसमें बाइक सवार शादियाबाद के खड़बाडीह निवासी योगेंद्र राम गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भिजवाया। जहां से उसे वाराणसी रेफर कर दिया गया। लेकिन इलाज के दौरान शनिवार को उसकी वाराणसी में मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घटना के बाबत मृतक की पत्नी हीरावती देवी ने थाने में चालक के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। एसओ वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

