सिधौना : दुस्साहसिक चोर! खानपुर बाजार में पटिया तोड़ ग्रामीण बैंक के लॉकर तक पहुंच गया चोर, अंतिम दौर में बजा सायरन

सिधौना। खानपुर थानाक्षेत्र के खानपुर बाजार में स्थित ग्रामीण बैंक में चोरों ने बीती रात सेंधमारी कर चोरी का असफल प्रयास किया। बीते दिनों बैंकों में हुई कई घटनाओं के बाद सुरक्षा के लिए बैंक की तत्परता के चलते बैंक में लगा सायरन बज उठा और चोर फरार हो गए। वहीं सायरन बजते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और बैंक को चारो तरफ से घेरकर छानबीन की। लेकिन चोर फरार हो चुका था। सुबह में पहुंची फॉरेंसिक टीम ने सुराग जुटाए। बीते दिनों सैदपुर से लगायत आसपास के कई जिलों में बैंकों में कई वारदातें हो चुकी हैं। जिसमें सायरन न बजने की शिकायतें अधिकांश बार मिली हैं। ऐसे में खानपुर बाजार स्थित ग्रामीण बैंक ने अपने परिसर में लगे सुरक्षा सायरन को दुरूस्त करा लिया था। इस बीच 5 जुलाई की देररात 1 बजे नकाब पहनकर चोर छत पर पहुंचा और वहां से पटिया हटाकर बैंक के अंदर घुसकर लॉकर तक पहुंच गया। वहां लॉकर के पास पहुंचकर वो लोहे की रॉड से लॉकर को तोड़ने का प्रयास कर रहा था लेकिन तभी बैंक का सायरन बज गया और खानपुर पुलिस ने बैंक को घेर लिया। इधर सायरन बजने के बाद चोर भी घबरा गया और वहां से फरार हो गया। इसके बाद पुलिस ने परिसर की तलाशी ली तो चोर का पता नहीं चला लेकिन बैंक के सीसीटीवी फुटेज में वो नकाब में दिख रहा था। बाद में शाखा प्रबंधक संदेश सिंह सहित बैंक के आला अधिकारी पहुंचे और बैंक की जांच की तो लॉकर सहित सभी सामान सुरक्षित मिले। घटना के बाद सुबह में फॉरेंसिक टीम ने आकर छानबीन की और मौके से फिंगरप्रिंट आदि जुटाए। वहीं घटना के बाद पूरे क्षेत्र में इस बात की चर्चा है कि आखिर बैंक के अंदर घुसना शुरू करने से लेकर लॉकर को तोड़ने के पहले तक की अवधि के बीच में बैंक का सायरन क्यों नहीं बजा।

