सिधौना : पवित्र सावन माह में आखिर बिछुड़ननाथ मंदिर कैसे पहुंचेंगे कांवरिए, बभनौली कलां में सड़क में रोपा गया धान





सिधौना। सावन के पवित्र माह के आगामी कुछ दिनों में शुरू होने के बावजूद अब तक क्षेत्र के प्रमुख शिव मंदिर बिछुड़ननाथ महादेव मंदिर तक जाने वाले प्रमुख मार्ग नहीं बनाया गया है। उक्त मार्ग में घुटनों तक कीचड़ है। ऐसे में उस मार्ग से कांवरियों व शिवभक्ताओं का आवागमन सुगम तो नहीं होने वाला है। ऐसे में शिवभक्तों की सहूलियत के लिए जिम्मेदारों से मार्ग की दुर्दशा को समय रहते ठीक करने की मांग करते हुए ग्रामीणों ने शनिवार की दोपहर 12 बजे सड़क में धान रोपकर अपना विरोध दर्ज कराया। शनिवार को समाजसेवी भोला पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों की संख्या में महिलाएं व पुरूष तालाब के रूप में दिख रहे उक्त कीचड़ से भरे सड़क पर पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया और सड़क में ही धान रोपकर जिम्मेदारों को आईना दिखाया। समाजसेवी भोला पांडेय ने कहा कि बिछुड़न नाथ महादेव पूरे क्षेत्र में प्रमुख शिवधाम हैं, जहां पर सावन माह में सिर्फ गाजीपुर ही नहीं बल्कि आसपास के कई जनपदों से श्रद्धालु व कांवरिए जलाभिषेक करने के लिए जुटते हैं। ऐसे में सावन माह में कांवरियों का मंदिर तक आवागमन सुगम नहीं दिखाई दे रहा है। इस मंदिर तक पहुंचने वाला लिंक रोड इस कदर जर्जर हो चुका है कि इस समय वो तालाब के रूप में दिखाई दे रहा है। उसमें बारिश का पानी कीचड़ के रूप में घुटनों तक भर गया है। जिसके चलते न सिर्फ मंदिर आने-जाने वालों को काफी समस्या होती है, बल्कि बभनौली स्थित जनता इंटर कॉलेज सहित प्राइमरी आदि स्कूलों में आने-जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी काफी समस्या होती है और आए दिन कीचड़ में गिरकर उनकी यूनिफॉर्म व किताबें आदि खराब होते रहते हैं। लोगों ने कई बार मरम्मत की मांग की लेकिन कुछ नहीं हुआ। आखिरकार ग्रामीणों ने इस सड़क में बभनौली कलां में धान रोपकर विरोध प्रदर्शन कर सावन माह शुरू होने के पूर्व इसके मरम्मत की मांग की। इस मौके पर सूरज कुमार, चंचल, रणधीर, आशीष, बबलू, अजय, राहुल, राजू, पर्वत, अमरनाथ, शिव शंकर, अजीत, मनोज, झप्पू, सुधीर आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< सिधौना : दुस्साहसिक चोर! खानपुर बाजार में पटिया तोड़ ग्रामीण बैंक के लॉकर तक पहुंच गया चोर, अंतिम दौर में बजा सायरन
सिधौना : दुस्साहसिक चोर! खानपुर बाजार में पटिया तोड़ ग्रामीण बैंक के लॉकर तक पहुंच गया चोर, अंतिम दौर में बजा सायरन >>