जखनियां : प्रशासन पर भ्रष्टाचार व अनियमितताओं का आरोप लगा सपा ने तहसील में किया प्रदर्शन, एसडीएम को दिया पत्रक

जखनियां। सपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार को तहसील में प्रदर्शन किया और एसडीएम को पत्रक सौंपा। सपा कार्यालय में मासिक बैठक के बाद काफी संख्या में कार्यकर्ता पार्टी का झंडा बैनर लेकर तहसील में पहुंचे। उन्होंने प्रशासन पर अनियमितता व भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक त्रिवेणी राम ने कहा कि पूरे जिले के थानों व तहसीलों में भ्रष्टाचार हो रहा है। बिजली और सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की बदहाली क्षेत्र में लगातार बढती जा रही है। गांवों में बिजली की बेतहाशा कटौती हो रही है, जिससे विद्यार्थियों व आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। कहा कि जर्जर बिजली के तार और खंभे दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहे हैं और कभी भी जानलेवा साबित हो सकते हैं। कहा कि तहसीलों मे फरियादियों की सुनवाई नहीं हो रही है। प्रशासन भ्रष्टाचार बढ़ने के बाद भी मूकदर्शक बना है। कहा कि प्राथमिक विद्यालयों को जबरन मर्ज किए जाने का विरोध करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद एसडीएम रवीश गुप्ता को पत्रक सौंपा। उन्होंने मांगों को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। इस मौके पर रामजन्म यादव, राजू राजभर, छेदी सुधाकर, प्रताप अखिलेश, हरेंद्र, विनीत, नंदलाल, गरीब राम, जितेंद्र भारती आदि रहे। अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष अवधेश राजू यादव ने किया।

