सादात : 2 अलग गांवों से 2 बालक हुए लापता, 2 दिनों बाद भी सुराग न लगने पर परिजनों ने थाने में दी तहरीर, अनहोनी की आशंका

सादात। क्षेत्र के खाजेपुर व अकबरपुर गांव निवासी दो किशोर बीते 2 दिनों से लापता हैं लेकिन अब तक उनका कुछ पता नहीं चल सका है। जिसके चलते किसी अनहोनी की आशंका से परिजनों का बुरा हाल है। खाजेपुर गांव निवासी 12 वर्षीय अरुण कुमार पुत्र मदन कुमार व बगल के गांव अकबरपुर कबीरपुर निवासी 12 वर्षीय सचिन कुमार पुत्र इंद्रपाल राम आपस में अच्छे दोस्त हैं और बहरियाबाद स्थित कंपोजिट स्कूल में 5वीं के छात्र हैं। परिजनों ने बताया कि बीते 2 जुलाई की दोपहर में घर से लोटन राम नाम के व्यक्ति के साथ बाइक से दोनों बहरियाबाद बाजार गए थे। लोटन तो घर आ गया लेकिन देर शाम तक जब वो घर नहीं पहुंचे तो दोनों किशोरों के परिजन चिंतित हो गए और उनकी खोजबीन शुरू कर दी। लेकिन रात तक उनका पता नहीं चल सका। काफी तलाश के बावजूद जब वो नहीं मिले तो परिजन हलकान हो गए। उन्होंने आखिरकार थाने में तहरीर दी। इस बाबत एसओ दिनेश चंद्र पटेल ने बताया कि तहरीर लेकर बालकों की तलाश की जा रही है। दोनों को सादात व औड़िहार रेलवे स्टेशनों पर व जीआरपी के माध्यम से तलाश कराई जा रही है। वहीं परिजन किसी अनहोनी की आशंका से हलकान हैं।

