सैदपुर : अमीरहां में संतान की चाहत में बहू को जबरदस्ती खिला दिया विषाक्त, हालत बिगड़ने पर लेकर आए सीएचसी, बहू ने लगाया आरोप

सैदपुर। थानाक्षेत्र के अमीरहां से हैरतअंगेज मामला सामने आया है। जहां की एक विवाहिता को सैदपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। उसने अपने ससुरालियों पर ही जबरदस्ती जहर खिलाने का आरोप लगाया है। मौके पर पुलिस भी पहुंची और पूछताछ की। हालांकि कोतवाल ने इस मामले की जानकारी से इंकार किया है। बिहार प्रदेश के 22 वर्षीय नीशू कुमारी की शादी सैदपुर के अमीरहां निवासी पवन पांडेय संग हुई है। पवन दूसरे प्रदेश में निजी कंपनी में काम करता है, जिसके चलते वो वहीं पर रहता है। घर पर नीशू अपने ससुरालियों संग रहती है। उसने बताया कि उसके ससुराल के लोग संतान के लिए उस पर दबाव डाल रहे थे। मामला मायके तक पहुंचा तो नीशू की मां ने भी इसमें सास आदि से बातचीत की। शुक्रवार की सुबह 6 बजे सैदपुर सीएचसी में नीशू ने बताया कि इसी बात को लेकर उसके चचिया ससुर मां की गालियां देने लगे। जिस पर जब नीशू ने विरोध किया तो सास व ननद भी उनका साथ देने लगी। इसके बाद चचिया ससुर मुट्ठी भरकर कुछ जहरीला पदार्थ लाए और सास व ननद ने मेरे हाथ पकड़ लिए। जिसके बाद चचिया ससुर ने मेरे मुंह पर वो पदार्थ जबरदस्ती डाल दिया और कहीं से फ्रीज का ठंडा पानी लाकर मुझे जबरदस्ती पिला दिया, ताकि मेरे पेट में जलन न महसूस हो। कहा कि उन्होंने मेरा मोबाइल भी तोड़ दिया है। बताया कि करीब एक घंटे बाद हालत बिगड़ने लगी तो वो सभी मुझे लेकर सैदपुर सीएचसी आए और मुझे रास्ते भर समझाते रहे कि किसी से कुछ कहना मत, नहीं तो हम फंस जाएंगे। इधर सीएचसी लाने के बाद चिकित्सकों ने नीशू का उपचार किया। इधर सूचना पाकर मौके पर पुलिस पहुंची और उससे पूछताछ की। इस बाबत कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है और न ही कोई तहरीर मिली है। तहरीर मिलेगी तो कार्यवाही की जाएगी।

