दुल्लहपुर : दंडी स्वामी सहजानंद सरस्वती के पैतृक गांव में बने स्कूल के मैदान को दबंगों ने जोतवाया, गांव में पसरा तनाव

दुल्लहपुर। दंडी स्वामी सहजानंद सरस्वती के पैतृक गांव देवां से बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। गांव में बने उच्च प्राथमिक विद्यालय के मैदान को अज्ञात मनबढ़ों ने ट्रैक्टर से जोत दिया। जिसका पता चलने पर पूरे गांव में हड़कंप मच गया। घटना के बाद मौके पर सैकड़ों की संख्या में लोग पहुंच गए और विरोध किया। वहीं स्कूल के प्रधानाध्यापक की बात से ऐसा लग रहा है मैदान को उनके द्वारा ही जोतवाया गया है। बता दें कि स्कूल परिसर के इस मैदान का बीते कई सालों से ग्रामीण उपयोग कर रहे थे। बच्चे खेलकूद के लिए तो महिलाएं, पुरूष, वृद्ध टहलने के लिए इसका उपयोग करते थे। जिसके चलते ग्राम पंचायत द्वारा मैदान के किनारे पौधरोपण कर स्ट्रीट लाइटें भी लगाई गई हैं। इस बीच उक्त मैदान को ट्रैक्टर से जोत दिया गया। जिससे कोई भी मैदान का उपयोग न कर सके। इस बात का पता चलने पर भारी संख्या में लोग पहुंच गए और विरोध किया। इस बाबत प्रधान प्रतिनिधि दीपक चौरसिया ने बताया कि इसे प्रधानाध्यापक शंकर राम ने जोतवाया है। जबकि इसके लिए न तो उन्होंने प्रबंध समिति की बैठक बुलाई और न ही इसके लिए किसी का कोई आदेश था। कहा कि ऐसा किए जाने के चलते लाखों की लागत से बने मैदान का नुकसान हुआ है। कहा कि इसकी शिकायत की जाएगी। वहीं इस बाबत प्रधानाध्यापक ने कहा कि मैदान पर कुछ लोग बालू व ईंट रखकर अतिक्रमण कर रहे थे, ऐसे में अतिक्रमण से रोकने के लिए मैदान को जोतवाया गया है। इस बाबत बीईओ राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मामले की जानकारी मिली है। प्रधानाध्यापक ने इस कार्रवाई को संभावित अतिक्रमण को रोकने के लिए बताया। कहा कि मामले की जांच राजस्व विभाग से कराई जाएगी।

