रेवतीपुर : 37 पेटी अंग्रेजी शराब की तस्करी कर बिहार ले जा रहा अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, दो साथी फरार

रेवतीपुर। स्थानीय पुलिस ने अंग्रेजी शराब की तस्करी कर बिहार जा रहे शातिर अंतरराज्यीय तस्कर को दबोच लिया और उसके पास से अंग्रेजी शराब से भरी 37 पेटियां बरामद की। वहीं मौके से 2 तस्कर फरार हो गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने नगदीलपुर चौराहे पर चेकिंग शुरू की। तभी वहां से गुजर रहे एक मैजिक वाहन को पुलिस ने रोका तो अंदर बैठे 2 संदिग्ध मौका देखकर फरार हो गए। वहीं पुलिस ने 1 तस्कर को दबोच लिया और थाने लेकर आए। वाहन के अंदर से 37 पेटियों में रखी गई करीब ढाई लाख रूपए कीमत की अंग्रेजी शराब व बीयर को बरामद किया। तस्कर ने अपना नाम केशव पटेल निवासी रिडिया, रोहतास, बिहार बताया। वहीं फरार बदमाशों के नाम रेवतीपुर निवासी हिस्ट्रीशीटर अमित राय व भांवरकोल निवासी अविनाश राय बताया। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है और दोनों फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है। इस बाबत एसओ रमेश पटेल ने बताया कि जल्द ही दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टीम में उपनिरीक्षक जितेन्द्र कुमार, हेकां बसन्त लाल व कां. सम्पूर्णानन्द रहे।

