सैदपुर : हद है! उचौरी बाजार में कई दिनों से मुख्य मार्ग पर लगा है घुटनों तक बारिश का पानी, इंजन तक डूब जाने से लबेरोड बंद हो जा रही बाइकें

सैदपुर। क्षेत्र के उचौरी बाजार में जिम्मेदारों की अनदेखी व सौतेले व्यवहार के चलते बीच सड़क पर घुटनों तक बारिश का पानी जमा हो गया है। जिसके चलते जहां आमजन का बारिश के कीचड़ वाले पानी से होकर गुजरना मजबूरी बन गई है, वहीं घुटनों तक पानी होने के चलते हर किसी के कपड़े खराब हो रहे हैं। उचौरी बाजार में मुख्य मार्ग की दशा काफी खराब हो चुकी है। वहां पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के चलते गर्मियों के समय में जहां लोगों के घरों से निकला हुआ गंदा पानी सड़क पर जमा रहता था तो अब बारिश में स्थिति और नारकीय हो गई है। लोगों के घरों से तो कम मात्रा में पानी निकलता था लेकिन बारिश का पूरा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को घुटने भर पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। यहां तक कि सड़क में गड्ढे पड़ जाने पर बाइक व साइकिल सवार गिरकर घायल भी हो रहे हैं तो कई बार बाइकों का इंजन तक पानी में डूब जाने के चलते उनकी गाड़ियां बंद होकर खराब हो जा रही हैं। वहीं सड़क में पानी भर जाने के चलते बाजार में ग्राहकों के न आने से दुकानदार भी परेशान हैं। कुल मिलाकर बाजार पूरी तरह से तालाब में तब्दील हो गया है लेकिन इस दिशा में कोई जिम्मेदार ध्यान देने को तैयार नहीं है। इस बाबत बाजार निवासी संदीप वर्मा, रामप्रवेश चौहान, गुदना देवी, रोहित कुशवाहा, शुभम सोनकर, प्रदीप गुप्ता, सलमान कुरैशी, बबलू सोनकर, रोहित गुप्ता, अनिल सोनकर, राजेश सोनकर आदि बाजारवासियों ने बताया कि ये समस्या बारिश शुरू होने के बाद से ही है। जिससे हम दुकानदारों व नागरिकों सहित आमजन को काफी समस्या हो रही है। बताया कि जब सड़क से बड़ी गाड़ी गुजरती है तो उससे निकलने वाली लहर घरों के अंदर तक चली जाती है। उन्होंने पानी की समुचित निकासी की मांग की है।

