सैदपुर : भितरी में रास्ते में घेरकर दूसरे तहसील के लेखपाल को अज्ञात बदमाशों ने पीटा, 4 के खिलाफ तहरीर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के भितरी में बाइक सवार लेखपाल को अज्ञात बदमाशों ने रोककर पीट दिया। पिटाई में लेखपाल की जेब से मोबाइल व रुपये गिर गए। लेकिन सुबह में मोबाइल व रुपया दोनों वहीं गिरा हुआ मिल गया। घटना के बाबत लेखपाल ने थाने में तहरीर दी। हालांकि रूपए व मोबाइल मिलने के पूर्व लेखपाल ने लूट का आरोप लगाया लेकिन झाड़ियों में रूपए मिलने के बाद मारपीट की तहरीर दी। सैदपुर के बिशुनपुर कलां निवासी 37 वर्षीय विनय यादव सदर तहसील में तैनात है और करण्डा क्षेत्र के हलका लेखपाल हैं। गुरुवार की रात 9 बजे वो घर जा रहे थे, तभी भितरी में अज्ञात मनबढ़ों ने उन्हें रोक लिया और उन्हें घेरकर बुरी तरह से पीट दिया। जिसके चलते उनका मोबाइल व रुपये वहीं गिर गए। इसके बाद मनबढ़ मौके से फरार हो गया। शुक्रवार की सुबह मौके पर जाने पर उनका मोबाइल व झाड़ियों में रुपये गिरे हुए मिल गए। घटना के बाद शुक्रवार की दोपहर 12 बजे लेखपाल ने सैदपुर थाने में 4 अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी है। इस बाबत कोतवाल योगेंद्र सिंह ने बताया कि लेखपाल द्वारा 4 अज्ञात के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी गयी है। छानबीन की जा रही है।

