सैदपुर : मर्जर प्रक्रिया के विरोध में प्राशिसं ने विधायक को सौंपा पत्रक, मुख्यमंत्री के सामने व सदन में मुद्दा उठाने की मांग

सैदपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा 50 से कम छात्रों के नामांकन वाले प्रदेश के हजारों विद्यालयों को मर्ज किए जाने के विरोध में उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ का प्रतिनिधिमंडल जिला मंत्री इसरार अहमद सिद्दिकी के नेतृत्व में विधायक अंकित भारती से मिला और उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक सौपा। बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा हजारों विद्यालयों को मर्जर के नाम पर बन्द किए जाने का निर्णय लिया गया है। बताया कि प्रदेश में 150 से कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालयों व 100 से कम छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालयों को प्रधानाध्यापक विहीन करते हुए हजारों प्रधानाध्यापकों को सरप्लस घोषित कर दिया गया है। इसके पूर्व भी एक ही परिसर में स्थित लगभग 20 हजार विद्यालयों का संविलियन करके प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के पद समाप्त कर दिए जाने व मर्जर प्रक्रिया से हम बेहद आहत हैं। बताया कि प्राशिसं के प्रान्तीय नेतृत्व के आह्वान पर सैदपुर व देवकली के पदाधिकारियों व शिक्षकों का एक प्रतिनिधिमंडल विधायक से मिला। उन्होंने विधायक को पत्रक देकर सरकार द्वारा शिक्षा विभाग में लगातार किए जा रहे अनैतिक प्रयोगों को लेकर आक्रोश प्रकट किया। उन्होंने मांग किया कि वो सदन में व मुख्यमंत्री के सामने शिक्षकों की इन समस्याओं को उठाएं। जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन दिया। कहा कि मर्जर की नीति से गरीब, शोषित, वंचित वर्ग की पहुँच से शिक्षा दूर करने का कुचक्र शासन सत्ता में बैठे लोगों द्वारा किया जा रहा है। जिला मंत्री ने बताया कि 8 जुलाई को पूरे प्रदेश के शिक्षक अपने जिला मुख्यालय पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय को घेरेंगे। इस मौके पर ब्लाक अध्यक्ष द्वय कमलेश यादव व दीपक जायसवाल सहित धनंजय यादव, जितेन्द्र कुमार, अभिमन्यु यादव, अनिल कुमार, अविनाश सिंह आदि रहे।

