गाजीपुर : अंधऊ हवाई पट्टी क्षेत्र में हुई कार्यवाही के विरोध में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन, भूमिहीनों को उजाड़ने को बताया अमानवीय

गाजीपुर। अंधऊ हवाई पट्टी क्षेत्र में हुए अवैध निर्माण को प्रशासन द्वारा ढहाने के बाद बुधवार को कांग्रेस ने सरजू पांडे पार्क में धरना प्रदर्शन किया और प्रशासन पर भूमिहीनों को बेघर किए जाने का आरोप लगाते हुए स्थानीय समस्याओं और जनहित के मुद्दों का हवाला देते हुए राज्यपाल को संबोधित पत्रक सौंपा। इस दौरान प्रदेश महासचिव फसाहत हुसैन ने कहा कि बरसात के मौसम में अंधऊ और बिराइच गांव के भूमिहीनों को उजाड़ना अमानवीय है। मांग किया कि उन्हें तुरंत सरकारी आवास दिया जाए। साथ ही नंदगंज चीनी मिल और बहादुरगंज कताई मिल को दोबारा शुरू कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके और लोगों का पलायन रुक सके। इसके बाद प्रदेश सरकार द्वारा प्रस्तावित योजना के तहत पांच हजार स्कूलों को बंद करने का विरोध करते हुए बच्चों के शिक्षा के अधिकार की रक्षा की बात की। महासचिव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार गरीबों, भूमिहीनों और छात्रों के साथ अन्याय कर रही है। कहा कि कांग्रेस जनहित में सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी। अंत में राज्यपाल को संबोधित पत्र डीएम के प्रतिनिधि को सौंपा गया। इस मौके पर जिलाध्यक्ष सुनील राम, संदीप विश्वकर्मा, एआईसीसी सदस्य रविकांत राय, पूर्व विधायक अमिताभ अनिल दुबे, डॉ. मारकंडे सिंह, बटुक नारायण मिश्र, अजय श्रीवास्तव आदि रहे।

