गाजीपुर : परिषदीय स्कूलों की मर्जर प्रक्रिया का नहीं थम रहा विरोध, शिक्षकों ने बैठक कर बनाई रणनीति, 8 जुलाई को करेंगे प्रदर्शन





गाजीपुर। बेसिक शिक्षा परिषद द्वारा 50 से कम नामांकन वाले हजारों विद्यालयों के मर्जर के विरोध में जिले के शिक्षक भवन सभी ब्लाकों के अध्यक्ष, मंत्री, तहसील प्रभारी व जिला कार्यसमिति के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें आगामी 8 जुलाई के धरने को ऐतिहासिक बनाने के लिए अपील की गई। जिलाध्यक्ष जितेन्द्र यादव ने सभी शिक्षकों से जीजान से जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार हजारों विद्यालयों को मर्जर के नाम पर बंद कर रही है। कहा कि प्रदेश में 150 से कम छात्र संख्या वाले प्राथमिक विद्यालय एवं 100 से कम छात्र संख्या वाले उच्च प्राथमिक विद्यालय को प्रधानाध्यापक विहीन करते हुए हजारों प्रधानाध्यापकों को सरप्लस घोषित कर दिया गया है। इसके पूर्व भी एक ही परिसर में स्थित लगभग 20 हजार विद्यालयों का संविलियन करके प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के पद समाप्त कर दिए गये हैं। कहा कि वर्तमान में चल रही मर्जर प्रकिया से जहाँ छात्रों से विद्यालयों की दूरी अधिक होगी, वहीं हजारों रसोईयों की सेवा समाप्त हो जाएगी। इस प्रकिया को पूर्ण करने के लिए बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा सम्बन्धित प्रधानाध्यापकों व ग्राम प्रधान सहित विद्यालय प्रबन्ध समिति पर दबाव बनाकर विद्यालय बन्द करने के समर्थन में प्रस्ताव मांगे जा रहे हैं। लोकतंत्र में इस प्रकार विद्यालय बन्द करके नौनिहालों के शिक्षा से खिलवाड़, हजारों प्रधानाध्यापकों के पद एवं रसोइयों की सेवा समाप्ति जैसे निर्दयी एवं कठोर निर्णय की कल्पना नहीं की जा सकती है। जिलामंत्री इसरार अहमद सिद्दीकी ने कहा कि एक ओर शिक्षकों एवं विद्यालयों की समस्याओं का निराकरण नहीं किया जा रहा है, दूसरी ओर हजारों विद्यालयों को मर्जर के नाम पर बन्द किया जा रहा है। जिससे बेसिक शिक्षा एवं शिक्षकों का भविष्य अंधकारमय दिख रहा है। इसके चलते शिक्षकों में भारी आक्रोश व्याप्त है। बताया कि 6 जुलाई को एक्स पर हैशटैग अभियान चलाया जाएगा। इसके बाद 8 जुलाई को बीएसए कार्यालय पर धरना देकर जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को पत्रक भेजा जाएगा। इस मौके पर आनन्द प्रकाश यादव, पवन गुप्ता, कमलेश सिंह यादव, वीरेन्द्र सिंह यादव, दीपक जायसवाल, डॉ राजेश यादव, हरेन्द्र यादव, विजेन्द्र यादव, अनिल यादव, डॉ राजेश सिंह, डॉ मनोहर सिंह यादव, राजेश यादव, अरुण राय, महातिम यादव, सुरेन्द्र सिंह, वीरेश यादव, जनार्दन यादव, तुफैल खां, राम सिंहासन, संजय कुमार, अशोक कुमार आदि रहे।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भीमापार : स्कूल खुलते ही कई परिषदीय विद्यालयों का बीईओ ने किया औचक निरीक्षण, कहा - जर्जर भवनों में बच्चे मिलने पर हेडमास्टर होंगे जिम्मेदार
सिधौना : प्रधानपति के गले पर चाकू मारने वाले युवक का सरसई में कूड़ा निस्तारण केंद्र में संदिग्ध हाल में लटका मिला शव, 2 दिन पूर्व मुंबई से आया था युवक >>