भीमापार : स्कूल खुलते ही कई परिषदीय विद्यालयों का बीईओ ने किया औचक निरीक्षण, कहा - जर्जर भवनों में बच्चे मिलने पर हेडमास्टर होंगे जिम्मेदार





भीमापार। शिक्षा क्षेत्र सादात के करीब आधा दर्जन परिषदीय विद्यालयों का गुरूवार को खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने निरीक्षण किया। जिसमें जर्जर भवनों और विद्यालयों में अन्य कमियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालयों की स्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्रों की संख्या सहित अन्य शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिए। कहा कि वो जांच के बाद जर्जर भवनों की सूची बेसिक शिक्षा अधिकारी को सौंपेंगे, ताकि स्कूल भवनों की तत्काल मरम्मत कराई जा सके। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अगर स्कूल के जर्जर भवन में बच्चे पढ़ते मिले तो कार्रवाई की जाएगी, साथ ही इसके लिए विद्यालय के प्रधानाध्यापक को जिम्मेदार माना जाएगा। बीईओ ने बताया कि पहली जुलाई से स्कूल खुल गए हैं और वर्तमान समय में बारिश का मौसम चल रहा है। कुछ परिषदीय स्कूलों के कुछ भवन जर्जर हैं। इन परिषदीय स्कूलों के जर्जर भवन में बच्चों को पढ़ाने की लगातार शिकायतें मिल रही हैं। यदि किसी स्कूल का भवन जर्जर मिलता है तो वे तत्काल उसकी सूचना उपलब्ध कराएं। साथ ही किसी अन्य सरकारी भवन में स्कूल का संचालन कराया जाए, जिससे किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। निरीक्षण के दौरान यदि किसी स्कूल में जर्जर भवन में बच्चे पढ़ते हुए मिले और किसी प्रकार की अप्रिय घटना हुई तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक की होगी। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< भांवरकोल : 25-25 केवीए के ट्रांसफॉर्मरों पर सीधे गिरी आकाशीय बिजली, कई घरों में हाईवोल्टेज से जले उपकरण, घरों की बिजली गुल
गाजीपुर : परिषदीय स्कूलों की मर्जर प्रक्रिया का नहीं थम रहा विरोध, शिक्षकों ने बैठक कर बनाई रणनीति, 8 जुलाई को करेंगे प्रदर्शन >>