सिधौना : प्रधानपति के गले पर चाकू मारने वाले युवक का सरसई में कूड़ा निस्तारण केंद्र में संदिग्ध हाल में लटका मिला शव, 2 दिन पूर्व मुंबई से आया था युवक





सिधौना। खानपुर थानाक्षेत्र के सरसई गांव स्थित कूड़ाघर में मानसिक कमजोर युवक की संदिग्ध हाल में फंदे पर लटकी हुई लाश मिली। जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जिस युवक की लाश मिली, उस युवक ने बीते साल ग्राम प्रधान प्रतिनिधि के गले पर जानलेवा वार कर उनकी हत्या का प्रयास किया था, जिसमें वो गंभीर रूप से घायल हो गए थे। अब उसके घर से करीब 500 मीटर दूर कूड़ाघर पर उसकी लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म है। पुलिस ने गुरूवार की सुबह 11 बजे शव को पीएम को भेजा। मौधा गांव निवासी 35 वर्षीय विकास चौहान पुत्र ओमकार चौहान मानसिक रूप से कमजोर था। जनवरी में एक आपराधिक घटना को अंजाम देने व गिरफ्तारी के बाद जमानत पर बाहर आने के बाद वो मुंबई चला गया था। 2 दिनों पूर्व वो आया था और आज उसकी लाश घर से करीब 500 मीटर दूर बने गांव के कूड़ा निस्तारण केंद्र में फंदे पर लटकी हुई मिली। जिसके बाद हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं घटना के बाद गांव में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बीते मकर संक्रांति को मौधा गांव के प्रधान पति अनिल खरवार गांव में सालाना खेलकूद प्रतियोगिता कराते हुए कंबल वितरण कर रहे थे। उसी समय विकास चौहान आया और उसने पहले अनिल का पैर छुआ और इसके बाद चाकू से अनिल के गले पर चाकू मारकर उनकी हत्या का प्रयास किया। जिसके बाद लोगों ने उसे पकड़कर बुरी तरह से मारा और पुलिस के हवाले कर दिया। इधर घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। जिसके बाद जब वो जमानत पर छूटकर आया तो मुंबई चला गया। जहां उसका बड़ा भाई बॉक्सिंग का खिलाड़ी है। तभी से वो मुंबई में ही था और 2 दिनों पूर्व ही गांव स्थित घर पर आया था। इसके बाद कल सुबह से वो घर से लापता था। लोगों ने तलाश किया लेकिन वो नहीं मिला और आज उसकी लाश घर से कुछ ही दूर बने कूड़ा निस्तारण केंद्र में फंदे से लटकी मिली। जिसके बाद हड़कंप मच गया। लोगों में आत्महत्या व हत्या के बीच संशय को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लोगों का कहना है कि इतने दिनों तक वो मुंबई में था। अगर उसे आत्महत्या की करनी थी तो वहां क्यों नहीं किया और यहां आने के 2 ही दिनों बाद ऐसी घटना कैसे हो गई और कल से वो कहां गायब था। बहरहाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : परिषदीय स्कूलों की मर्जर प्रक्रिया का नहीं थम रहा विरोध, शिक्षकों ने बैठक कर बनाई रणनीति, 8 जुलाई को करेंगे प्रदर्शन
जिले के उच्चतम चिकित्सा संस्थानों संग बैठक कर विभाग ने कैंसर के रोकथाम की बनाई रणनीति, तैयार हो रहा रोडमैप >>