कासिमाबाद : मोबाइल चार्ज में लगाने के दौरान किशोर को व ट्यूबवेल चालू कर रहे किसान को लगा करंट, मौत के बाद हाहाकार

कासिमाबाद। थानाक्षेत्र के अवराकोल व महुआरी में गुरूवार को करंट लगने से किसान व किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पहली घटना अवराकोल निवासी 15 वर्षीय रौनक चौहान पुत्र रामबहादुर चौहान के साथ हुई। वो गुरूवार को अपने घर में ही मोबाइल चार्ज में लगा रहा था। उसी समय हाथ भीगा होने के चलते उसका हाथ करंट से छू गया और वो गंभीर रूप से झुलस गया। परिजन उसे लेकर निजी चिकित्सक के यहां गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों में हाहाकार मच गया। इसके बाद उन्होंने बिना पुलिस को सूचित किए उसका अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं दूसरी घटना महुआरी निवासी किसान 50 वर्षीय मोछू चौहान के साथ हुई। वो अपने खेत में लगे ट्यूबवेल का र्स्टाटर चालू करने गए। लेकिन तभी करंट की जद में आने से वो उसी में चिपककर तड़पने लगे और गिरकर उनकी मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में चीख पुकार मच गई। परिजनों ने उनका अंतिम संस्कार कर दिया। मृतक किसानी के साथ ही ठेकेदारी कराते थे। वो अपने पीछे 3 पुत्र समेत पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

