देवकली : बड़हरा की शिल्पी ने अमेरिका में मचाई धूम, यूपी पुलिस की तरफ से गोल्ड सहित जीत लिया ब्रांज मेडल, जश्न का माहौल

देवकली। अमेरिका के अलबामा स्थित बर्मिंघम में बीते 27 जून से आगामी 6 जुलाई तक चल रहे विश्व पुलिस गेम्स में देवकली के बड़हरा की बेटी ने एक स्वर्ण व एक कांस्य जीतकर पूरे देश सहित जिले का नाम रोशन किया है। बड़हरा निवासिनी शिल्पी यादव वर्तमान में यूपी पुलिस में कार्यरत हैं। जितेंद्र यादव की पुत्री शिल्पी ने यूपी पुलिस की तरफ से प्रतिभाग करते हुए 10 किमी क्रास कंट्री दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक व कांस्य पदक जीता है। शिल्पी के पूर्व कोच रहे नागेंद्र यादव ने बताया कि शिल्पी बेहद होनहार एथलीट है और उसका लक्ष्य एशियन गेम्स और वर्ल्ड एथलेटिक्स में देश के लिए पदक जीतना है। बताया कि शुरू से ही शिल्पी की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके बावजूद उसने हार नहीं मानी और खेल के बदौलत अपने आप को इस मुकाम तक पहुंचाया। कहा कि शिल्पी का ये स्वर्ण व कांस्य पदक जिले की हर उस बेटी के लिए प्रेरणा का काम करेगा, जो अपने दम पर आगे बढ़ने की इच्छा रखती है। गाजीपुर एथलेटिक संघ के कार्यवाहक सचिव डॉ रूद्रपाल यादव ने बताया कि संघ ने उनकी प्रतिभा को देखते हुए सदैव उनको आगे बढ़ाने में सहयोग प्रदान किया। जिले में तमाम एथलीट ऐसे हैं जो आगामी दिनों में देश के लिए और प्रदेश के लिए पदक जीतने का काम करेंगे। वहीं शिल्पी की इस उपलब्धि पर देश-प्रदेश सहित पुलिस विभाग व उनके गांव में हर्ष का माहौल है। संघ के अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने बताया कि उनके जनपद वापसी पर उनका सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा और संघ की तरफ से उन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। इस मौके पर पूर्व ब्लाक प्रमुख सच्चेलाल यादव, उपाध्यक्ष दीनानाथ, प्रमिला, रामअवध, संयुक्त सचिव शिवकुमार, बुधिराम राजभर, दिवाकर यादव, लालबहादुर यादव, मनोज कुमार, रामाशीष यादव, पूर्व अंतर्राष्ट्रीय एथलीट आनंद यादव, पत्रकार अशोक कुमार कुशवाहा, नरेन्द्र कुमार मौर्य, ग्राम प्रधान सोनू पहलवान आदि ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

