खानपुर : भाजपा बूथ अध्यक्ष समेत 2 को दौड़ाकर दिनदहाड़े गोलियां मारने वाले 3 बदमाशों को गोली मार पुलिस ने किया लंगड़ा, 25 हजार का था ईनाम

खानपुर। थानाक्षेत्र के कूढालम्बी में भाजपा बूथ अध्यक्ष व उनके भतीजे को ताबड़तोड़ गोलियां मारने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने हाफ एनकाउंटर करते हुए गिरफ्तार कर लिया। उन तीनों में 25 हजार का इनामियाँ एक मुख्य आरोपी भी शामिल है। तीनों के पास से 3 अवैध देशी तमंचे व बाइक बरामद हुई है। कूढालम्बी में 11 साल पूर्व क्रिकेट खेलने के दौरान हुए विवाद में मारपीट हुई थी। जिसमें एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी। इसी मामले में मुख्य आरोपी अविनाश यादव पुत्र स्व भरत यादव अपने भाई के मौत की वजह गांव निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष त्रिवेणी सिंह, उनके भतीजे विश्वजीत आदि को मानता था। लेकिन विश्वजीत के नोएडा में काम करने से वो कुछ कर नहीं पाता था। इस बीच विश्वजीत छुट्टी पर घर आया था और 2 दिनों पूर्व अपने चाचा त्रिवेणी के साथ बाल कटाने सैलून में गया था। अभी वो बाहर निकल ही रहा था कि तभी पहले से उनका इंतजार कर रहे बदमाशों ने दोनों को दौड़ाकर ताबड़तोड़ गोली मारी। जिसमें विश्वजीत को 3 गोली व त्रिवेणी सिंह को 1 गोली लगी। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। इस मामले में तहरीर मिलने के बाद पुलिस की 3 टीमें कार्रवाई में जुट गई। इधर बदमाश अविनाश का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर दिया। इस बीच बुधवार की भोर 3 बजे सूचना के आधार पर पुलिस ने पोखरा मोड़ पर चेकिंग शुरू की तो बाइक से 3 लोग बिना हेलमेट के आते दिखे। रोकने पर पुलिस पर गाड़ी चढ़ाकर भागने का प्रयास किया और बिहारीगंज डगरा की तरफ भागे। जिसके बाद पुलिस ने दौड़ाया और बूढीपुर में उन्हें घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देख तीनों बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग तीनों बदमाशों के पैर में लगी और वो गिर पड़े। जिसके बाद पुलिस ने तीनों को फौरन धर दबोचा और उन्हें खानपुर सीएचसी में भर्ती कराया। तीनों के पास से कुल 3 अवैध देशी तमंचे व जिंदा कारतूस बरामद हुए। उन्होंने अपना नाम अविनाश यादव पुत्र स्व भरत यादव निवासी कूढालम्बी, विकास यादव करिया पुत्र रामकुंवर निवासी नरकटा, फोक, चंदवक, जौनपुर व देवेंद्र चौहान कल्लू पुत्र वीरेंद्र चौहान निवासी कैथवलिया, सैदपुर बताया। पकड़े गए तीनों बदमाश पहले से ही कुख्यात हैं और तीनों पर कुल 8 मुकदमे दर्ज हैं। जिसमें मुख्य आरोपी अविनाश यादव अंतर्जनपदीय बदमाश है और उस पर आजमगढ़ व ग़ाज़ीपुर जिले में कुल 3 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विकास यादव पर कुल 2 व तीसरे आरोपी देवेंद्र पर भी कुल 3 मुकदमे दर्ज हैं। टीम में सैदपुर कोटील योगेंद्र सिंह व खानपुर एसओ शैलेन्द्र सिंह मय फोर्स रहे।

