करंडा : स्कूल के खाते से अपने व पत्नी के खाते में रूपए भेजने के आरोप में निलंबित हो चुके बिशुनपुरा के प्रधानाध्यापक को मिला अंतिम मौका

करंडा। क्षेत्र के बिशुनपुरा स्थित प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक विनोद पाण्डेय पूर्व में हुए वित्तीय घोटाले के आरोप में अब भी घिरे हुए हैं। बीते सालों में उन पर शिक्षा के मंदिर को भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बनाने का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता हरिकेश यादव ने शिकायत की थी। शिकायत के बाद हुई जांच में हैरान करने वाला मामला सामने आया था। शिकायत के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा गठित तीन सदस्यीय जांच समिति की जनवरी 2024 में दी गई रिपोर्ट में पुष्टि हुई कि विद्यालय के खातों से अवैध रूप से धनराशि का आहरण किया गया और उन राशियों को प्रधानाध्यापक व उनकी पत्नी के खाते में ट्रांसफर किया गया। ऐसे में इसे गंभीर वित्तीय अनियमितता मानते हुए प्रधानाध्यापक को 24 जनवरी को ही निलंबित कर दिया गया था। लेकिन इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इस निलंबन को कानून के विरुद्ध मानते हुए निरस्त कर दिया, लेकिन आरोप अभी भी जस के तस हैं और विभागीय जांच जारी है। वहीं इस मामले में अधिकारी ने प्रधानाध्यापक को आखिरी मौका देते हुए निर्देश दिया है कि वे विद्यालय खाते से निकाली गई पूरी धनराशि को वापस जमा कर दें और जमा की रसीद के साथ एक सप्ताह में लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें। अन्यथा सेवा नियमावली 1999 के तहत कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई तय मानी जा रही है। वहीं इस मामले में प्रधानाध्यापक विनोद पाण्डेय ने कहा कि मुझे कोई ऐसी जानकारी नहीं है और न ही कोई विभाग से नोटिस प्राप्त हुई है।

