सिधौना : ऐसा बंदर जो सिर्फ बच्चों को बना रहा शिकार, अब तक दर्जन भर को काटने के बाद सरकारी स्कूल में बच्चे को किया लहूलुहान





सिधौना। क्षेत्र में परिषदीय स्कूलों के खुले आज दूसरा ही दिन बीता था कि सिधौना के परिषदीय विद्यालय में स्कूल गए एक बच्चे को बीते 2 सप्ताह से आतंक मचाने वाले बंदर ने काटकर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद स्कूल में दहशत का माहौल बन गया और बच्चे शोर मचाते हुए भागकर कमरे में बंद हो गए। वहीं घायल बच्चे को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। क्षेत्र में बीते 2 सप्ताह से एक बंदर के आतंक से पूरा गांव परेशान है। उक्त बंदर इतना खतरनाक है कि अब तक करीब दर्जन भर लोगों को काटकर अपना शिकार बना चुका है। जिसमें अधिकांश बच्चे ही उसके शिकार बने हैं। उसके डर के चलते जहां बच्चे घरों से बाहर नहीं निकलते, वहीं लोग अपने घरों की छत पर कपड़ा आदि भी सूखने के लिए नहीं डालते। इस बीच 1 जुलाई से क्षेत्र में स्कूल खुल गए। बुधवार को सभी बच्चे सिधौना स्थित स्कूल में गए थे। वहां अचानक बंदर आ गया और तभी उक्त बंदर सिद्धनाथ महादेव धाम की तरफ से आया और एक बच्चे को गाल पर काटकर उसे लहूलुहान कर दिया। जिसके बाद बच्चा शोर मचाने लगा तो अन्य बच्चे भी बंदर के डर से स्कूल के कमरों में जाकर बंद हो गए। वहीं बंदर के भागने के बाद शिक्षक बच्चे को इलाज के लिए लेकर चिकित्सक के यहां गए। लोगों ने बताया कि उक्त बंदर महिलाओं व बुजुर्गों को देखकर कुछ नहीं करता, बल्कि सिर्फ बच्चों को ही अपना शिकार बना रहा है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< नगरीय स्वास्थ्य केंद्रों पर एक्सपेंडेड सर्विस पैकेज को लेकर रिफ्रेशर प्रशिक्षण का हुआ आयोजन
करंडा : स्कूल के खाते से अपने व पत्नी के खाते में रूपए भेजने के आरोप में निलंबित हो चुके बिशुनपुरा के प्रधानाध्यापक को मिला अंतिम मौका >>