वाराणसी : काशी तमिल संगमम के लिए कन्याकुमारी से बनारस के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, बुधवार को कन्याकुमारी से रवाना हो तीसरी रात पहुंचेगी बनारस

वाराणसी। काशी तमिल संगमम-5.0 में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने कन्याकुमारी और बनारस के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। 06041/06042 कन्याकुमारी-बनारस-कन्याकुमारी विशेष ट्रेन का संचालन एक-एक फेरे में किया जाएगा। पूर्वाेत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार 06041 कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन 25 नवंबर को कन्याकुमारी से दोपहर 2ः30 बजे रवाना होगी। यह ट्रेन नागरकोविल, तिरुनेलवेली, मदुरै, तिरुच्चिराप्पल्लि, चेन्नई एग्मोर, नेल्लूर, विजयवाड़ा, वरंगल, बल्हारशाह, गोंदिया, जबलपुर, सतना और प्रयागराज छिवकी होते हुए तीसरे दिन 27 नवंबर को रात आठ बजे बनारस पहुंचेगी। वापसी में 06042 बनारस-कन्याकुमारी विशेष ट्रेन एक दिसंबर को रात 10ः30 बजे बनारस से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन दो दिसंबर को प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी और जबलपुर होते हुए दक्षिण भारत के विभिन्न स्टेशनों से गुजरकर चार दिसंबर को सुबह 4ः45 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के चार, तृतीय श्रेणी के पांच, तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के छह, शयनयान श्रेणी के तीन तथा जेनेरेटर सह लगेज यान के दो कोच सहित कुल 20 कोच लगाए जाएंगे। रेलवे के इस निर्णय से काशी तमिल संगमम में शामिल होने के लिए दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

