जखनियां : वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निकली भगवान परशुराम की प्रतिमा यात्रा, गांव में हुआ पूजन-अर्चन

जखनियां। क्षेत्र के बारोडीह गांव स्थित बागेश्वर नाथ शिवालय पोखरा परिसर में नवनिर्मित भगवान परशुराम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम जारी है। सोमवार को वैदिक पूजन और मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम की प्रतिमा को लेकर पूरे गांव में परिक्रमा यात्रा निकाली गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर मंगलकामना की। वैदिक विद्वान आमोद पांडेय के नेतृत्व में धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया गया। उन्होंने विधिवत पूजन-अर्चन के साथ भगवान विष्णु के सहस्रनाम का पाठ किया। प्रतिमा यात्रा के दौरान श्रद्धालु धार्मिक वातावरण में शामिल रहे और भगवान परशुराम के जयकारे लगाए। विद्वान ने भगवान परशुराम के जीवन, व्यक्तित्व और धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध संघर्ष, धर्म की रक्षा तथा सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। भगवान परशुराम का फरसा उनके पराक्रम और अन्याय के प्रतिकार का प्रतीक माना जाता है। इस मौके पर रमाकर पांडेय, मनोज पांडेय, कमलेश पांडेय, अंकित पांडेय, ललिता यादव, हरिकेश शर्मा आदि रहे।

