गाजीपुर : छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए पीजी कॉलेज में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण जारी, 26 नवंबर तक मिलेगा मौका

गाजीपुर। पीजी कॉलेज परिसर में छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति के लिए छात्र-छात्राओं का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण लगातार जारी है। विद्यार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए कॉलेज प्रशासन ने अवकाश के दिनों में भी बायोमेट्रिक काउंटर खोलने की व्यवस्था की है। रविवार को भी कार्यालय समय के दौरान कॉलेज पहुंचे छात्र-छात्राओं का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण किया गया। इसके साथ ही प्रतिदिन कार्यालय अवधि में यह प्रक्रिया नियमित रूप से संचालित की जा रही है। प्रमाणीकरण के लिए कॉलेज परिसर में आने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की ओर से कई व्यवस्थाएं की गई हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में काम प्रभावित न हो, इसके लिए जेनेरेटर के माध्यम से निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। वहीं, काउंटर के आसपास अतिरिक्त लाइटें लगाई गई हैं, जिससे पर्याप्त प्रकाश की व्यवस्था बनी रहे। इसके अलावा शौचालयों की नियमित साफ-सफाई भी कराई जा रही है, ताकि दूर-दराज से आने वाले छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्राचार्य प्रो. डॉ. राघवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि परिसर में बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण की प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो रही है। यह कार्य 26 नवंबर तक जारी रहेगा। उन्होंने उन सभी छात्र-छात्राओं से अपील की है, जिनका अभी तक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण नहीं हुआ है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर यानी 26 नवंबर तक कॉलेज पहुंचकर अपना प्रमाणीकरण अवश्य करा लें, ताकि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति की प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

