सैदपुर : देव दीपावली पर बूढ़ेनाथ घाट पर 5100 तो पक्का घाट पर जगमगाएंगे 1100 दीप, गंगा संरक्षण का भी देंगे संदेश

सैदपुर। कार्तिक पूर्णिमा पर देव दीपावली का पर्व इस बार सैदपुर में आस्था और भव्यता के साथ गंगा संरक्षण के संदेश के बीच मनाया जाएगा। मां गंगा सेवा संघ की ओर से 24 नवंबर को बूढ़ेनाथ महादेव घाट पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान घाट पर 5100 दीप प्रज्ज्वलित कर मां गंगा की आराधना की जाएगी। वहीं, अमरनाथ गुफा के हिम शिवलिंग की झांकी के माध्यम से गंगा की मौजूदा दुर्दशा को दर्शाकर लोगों को नदी की स्वच्छता और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जाएगा। आयोजन को लेकर बूढ़ेनाथ महादेव घाट को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। घाट पर रंग-बिरंगी रोशनी के साथ आकर्षक पेंटिंग और रंगोलियां बनाई गई हैं। मंगलवार की शाम एसडीएम ज्योति चौरसिया दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगी। इसके बाद गंगा आरती का आयोजन होगा। दीपों की रोशनी से घाट को जगमगाने के साथ ही श्रद्धालुओं को गंगा की स्वच्छता और निर्मलता बनाए रखने का संदेश दिया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस बार दीपोत्सव को केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित न रखकर गंगा संरक्षण से जोड़ने का प्रयास किया गया है। अमरनाथ गुफा के हिम शिवलिंग की झांकी के जरिए गंगा की वर्तमान स्थिति को प्रदर्शित कर लोगों को इसके संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया जाएगा। वहीं, देव दीपावली को लेकर नगर के अन्य गंगा घाटों पर भी तैयारियां की गई हैं। पक्का घाट पर 1100 दीप सहित रंगमहल घाट, संगत घाट और औड़िहार के वाराह घाट पर भी दीपोत्सव आयोजित किया जाएगा। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तटों पर दीपों की रोशनी और आरती के बीच पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में नजर आएगा।

