सादात : कनेरी गांव में बंदरों का नहीं थम रहा आतंक, 8 वर्ष के मासूम बच्चे समेत एक दर्जन से अधिक ग्रामीणों को काटकर किया है घायल





सादात। थानाक्षेत्र के कनेरी गांव में बंदरों के झुंड के हमलों से ग्रामीण परेशान हैं। अब तक एक दर्जन से अधिक लोग बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। स्थिति यह है कि ग्रामीणों को घरों से बाहर निकलने में भी सतर्कता बरतनी पड़ रही है। बंदरों के हमले से गांव के स्कूली बच्चों में भी भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने बताया कि दर्जनों की संख्या में बंदरों का झुंड गांव में घूम रहा है और रास्ते से गुजरने वाले लोगों पर हमला कर रहा है। बंदरों के ताजा हमले में गांव निवासी युवराज सिंह पुत्र मनोज सिंह और आठ वर्षीय कान्हा सिंह पुत्र प्रदीप सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का उपचार वाराणसी के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इसके अलावा पूर्व में रणजीत सिंह, सोनम, पार्वती, मनोरमा, रमेश, सावित्री, पुनीता और सुरेंद्र समेत कई अन्य ग्रामीण भी बंदरों के हमले में घायल हो चुके हैं। बताया कि बंदरों का झुंड गांव के प्राथमिक विद्यालय में भी पहुंच जाता है। आरोप है कि बंदर बच्चों के लिए तैयार किए जाने वाले मध्याह्न भोजन को खा जाते हैं या उसे बिखेरकर बर्बाद कर देते हैं। इससे विद्यालय के बच्चों और शिक्षकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि समस्या के समाधान के लिए तहसील प्रशासन से लेकर मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक बंदरों को पकड़ने के लिए कोई टीम गांव नहीं पहुंची। पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश सिंह, ग्राम प्रधान शिवबचन राजभर, शिवम सिंह, अवधेश सिंह, सहेंद्र राजभर, रामकृत राम, शिवशंकर जायसवाल, गोविंद यादव समेत अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से बंदरों को पकड़वाने के लिए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< गाजीपुर : जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 9 नए बीईओ को मिली नई तैनाती, 9 बीईओ मिलकर संभालेंगे 16 शिक्षा क्षेत्र
अनौनी : मुख्यमंत्री योगी की मां के निधन पर अठगांवा में हुई शोकसभा, पूर्व एमएलसी ने जताया शोक >>