गाजीपुर : जिले के बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा फेरबदल, 9 नए बीईओ को मिली नई तैनाती, 9 बीईओ मिलकर संभालेंगे 16 शिक्षा क्षेत्र

गाजीपुर। बेसिक शिक्षा विभाग में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने आदेश जारी कर जिले के नौ खंड शिक्षा अधिकारियों को विभिन्न विकासखंडों में नई जिम्मेदारी सौंपी है। जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद जारी आदेश में सभी अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यभार ग्रहण करने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही सात अधिकारियों को एक से अधिक विकासखंडों का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। आदेश के अनुसार, सैदपुर में रमाकान्त सिंह को खंड शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें करंडा का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। वहीं बिरनो में नीरज कुमार श्रीवास्तव को तैनाती देते हुए मरदह की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। मनिहारी में श्रवण कुमार यादव को भेजा गया है, जिन्हें जमानियां का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। देवकली में राजेश कुमार वैश्य को तैनात किया गया है। उनके पास सदर, नगर क्षेत्र और जिला मुख्यालय की भी जिम्मेदारी रहेगी। इसी क्रम में जखनियां में गौतम प्रसाद को तैनात करते हुए सादात का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। कासिमाबाद में अखिलेश यादव और बाराचंवर में अमित कुमार सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भदौरा में हेमंत मिश्रा को तैनात किया गया है, जिन्हें रेवतीपुर का अतिरिक्त प्रभार भी मिला है। वहीं मुहम्मदाबाद में राघवेन्द्र प्रताप सिंह को भेजा गया है। उनके पास भांवरकोल की भी जिम्मेदारी रहेगी। नई तैनाती के बाद अधिकारियों के सामने विद्यालयों का नियमित निरीक्षण, शिक्षकों की उपस्थिति, छात्र नामांकन, डीबीटी, आधार सत्यापन और शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां होंगी। विभागीय फेरबदल के बाद अब विद्यालयों की शैक्षिक और प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

