सादात : बाइक से गिरकर स्कूल बस की चपेट में आने से महिला की मौत के मामले में जांच शुरू, स्कूली बस चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज

सादात। थानाक्षेत्र के आतमपुर छपरा गांव के पास गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की जान चली गई। बाइक अनियंत्रित होने से महिला सड़क पर गिर गई, तभी पीछे से आ रही निजी स्कूल की बस की चपेट में आ गई। खानपुर थानाक्षेत्र के टड़वा गांव निवासिनी 55 वर्षीय सरोजा देवी पत्नी स्व. ओमप्रकाश राजभर अपने बेटे संदीप राजभर के साथ सादात बाजार गई थीं। वह अपने मायके कौड़ा गांव में रहती थीं। बाजार से वापस लौटते समय आतमपुर छपरा गांव के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे सरोजा देवी सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूल बस की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बेटे संदीप राजभर ने पुलिस को तहरीर देकर बस चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। प्रभारी थानाध्यक्ष लाल बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर निजी स्कूल की बस के चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

