सादात : दो सड़क हादसों में महिला की मौत, बाइक से गिरी महिला को रौंदते निकल गई स्कूली बस, पीएसी जवान भी घायल





सादात। थानाक्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पीएसी का एक जवान घायल हो गया। पहली घटना छपरा गांव के पास हुई, जहां बाइक से गिरने के बाद महिला पीछे से आ रही स्कूली बस की चपेट में आ गई। दूसरी घटना सैदपुर रोड पर अमरहिया कुटी के पास हुई, जहां कार की टक्कर से बाइक सवार पीएसी जवान घायल हो गया। खानपुर थानाक्षेत्र के टड़वा गांव निवासिनी सरोजा देवी (55) पत्नी स्व. ओमप्रकाश राजभर सादात के कौड़ा गांव स्थित अपने मायके में रहती थीं। गुरुवार को वह अपने पुत्र के साथ बाइक से सादात से कौड़ा जा रही थीं। छपरा गांव के पास अचानक बाइक से असंतुलित होकर वह सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कूली बस की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी घटना अमरहिया कुटी के पास हुई। रामपुर मांझा निवासी पीएसी जवान कपिल यादव छुट्टी पर घर आए हुए थे। घर जाते समय कुटी के पास उनकी बाइक को एक कार ने टक्कर मार दी। हादसे में वह घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।



अन्य समाचार
फेसबुक पेज
<< जखनियां : गुरु दीक्षा से ही भगवान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है - स्वामी भवानी नंदन यति
सादात : पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार किशोर को पुलिस ने दबोचा >>