सिधौना : करीब सात महीने बाद सिधौना-रामपुर हाल्ट पर फिर शुरू हुई टिकट बिक्री, पांच साल के लिए वेंडर को मिला टिकट बिक्री का अनुबंध

सिधौना/अनौनी। सिधौना-रामपुर रेलवे हाल्ट पर सोमवार से एक बार फिर टिकटों की बिक्री शुरू हो गई। पिछले सात महीने से टिकट नहीं मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। सिधौना निवासी विनय सिंह को पांच साल के लिए टिकट बिक्री का अनुबंध दिया गया है। सोमवार को विधिवत पूजन के बाद बतौर मुख्य अतिथि भाजपा नेता रामतेज पांडेय ने फीता काटकर बुकिंग कक्ष का उद्घाटन किया। इस दौरान रामतेज पांडेय ने कहा कि भाजपा सरकार में परिवहन और संचार के साधनों का तेजी से विकास हुआ है। रेलवे लाइनों का विद्युतीकरण, स्टेशनों को विश्वस्तरीय बनाने के साथ ही सड़क और जलमार्ग की सुविधाओं को भी बेहतर किया जा रहा है। उन्होंने रेल यात्रा को सुरक्षित और सुविधाजनक आवागमन का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। रेलवे प्रशासन वाराणसी से आए राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि रेल यात्रा सुरक्षित और किफायती सफर का बेहतर विकल्प है। यात्रियों को टिकट लेकर यात्रा करनी चाहिए तथा रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के साथ सुरक्षा नियमों का पालन करना चाहिए। इस दौरान ग्रामीणों और बाजारवासियों ने रेलवे प्रशासन से चार पैसेंजर ट्रेनों के अतिरिक्त अन्य ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही कोरोना काल में बंद की गई ट्रेनों का ठहराव दोबारा शुरू कराने की मांग उठाई। इस मौके पर शिवाजी मिश्रा, विजयी सिंह, शर्मा प्रसाद, लालबहादुर यादव, राकेश मिश्रा, पंकज मिश्रा, भूपेंद्र सिंह, बालमुनि राम आदि रहे।

