नंदगंज : उगते सूर्य को अर्घ्य देकर छठ महापर्व का समापन, कोहरे व ठंड पर भारी पड़ी आस्था, घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

नंदगंज। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व डाला छठ सोमवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। पर्व के अंतिम दिन तड़के 3ः30 बजे से ही क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। घने कोहरे और कड़ाके की ठंड के बावजूद व्रतियों की आस्था में कोई कमी नहीं दिखी। पारंपरिक सूप में ठेकुआ, फल-फूल और पूजन सामग्री सजाकर महिलाएं जल में खड़ी होकर भगवान भास्कर के दर्शन का इंतजार करती रहीं। सूर्याेदय के साथ ही व्रतियों ने विधि-विधान से भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की सुख-समृद्धि तथा संतान की दीर्घायु की कामना की। इसके बाद प्रसाद वितरण कर 36 घंटे के निर्जला व्रत का पारण किया गया। क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसी के साथ चार दिवसीय लोक आस्था के महापर्व का समापन हो गया।

