सैदपुर : ईंट भट्ठा संचालक पर कथित रूप से फायरिंग सहित लूट का आरोप, पिस्टल की नोक पर 10.50 लाख का बकाया लिखवाने का आरोप लगा दी तहरीर

सैदपुर। थानाक्षेत्र के होलीपुर गांव स्थित एक ईंट भट्ठे पर रविवार की सुबह कोयले के पुराने बकाया हिसाब को लेकर विवाद हो गया। भट्ठा संचालक ने कथित रूप से पिस्टल की नोंक पर सादे कागज पर 10 लाख 50 हजार रुपये बकाया लिखवाकर ज़बरदस्ती साईंन कराने व मारपीट करने का आरोप लगाया। इसके बाद तहरीर में ढाई लाख रुपये नकदी व सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। पीड़ित के भतीजे ने बताया कि जब चाचा पर फायरिंग की गई तो हम मौके पर पहुंचे। हमें देखकर वो भागने लगे तो हमने उन पर ईंट पत्थर फेंके। जिसके बाद भागने समय उन्होंने मुझ पर भी जानलेवा हमला करने के इरादे से फायरिंग की। इस दौरान उन्होंने पुलिस को एक खोखा भी बरामद कराया है। जिस पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। होलीपुर निवासी राधेश्याम गिरी आरबीएफ मार्का नाम से ईंट भट्ठा संचालित करते हैं। उन्होंने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि करीब दो वर्ष पूर्व किसी से कोयला लिया था, जिसका हिसाब किताब होना था। भतीजे ने बताया कि रविवार की सुबह एक व्यक्ति ने कथित रूप से चाचा को फोन कर बकाया हिसाब करने के लिए भट्ठे पर बुलाया। जिस पर राधेश्याम ने बताया कि अभी आज छठ का त्योहार है, दो दिन बाद हिसाब कर लिया जाएगा, लेकिन उन्हें सुबह आठ बजे मिलने के लिए बुलाया। आरोप लगाया कि कुछ देर बाद आरोपी भट्ठे पर पहुंचे। उनके बाद चारपहिया वाहन और चार-पांच बाइकों से पहुंचे लोगों के साथ भट्ठे पर आ गए। वहां पहुंचते ही आरोपितों ने कथित रूप से उन पर पिस्टल तान दी और कथित रूप से सादे कागज पर 10 लाख 50 हजार रुपये बकाए की बात लिखवाकर जबरन हस्ताक्षर करा लिए। इसके बाद मारपीट कर उनके पास रखे दो मोबाइल फोन, गले की सोने की चेन और मजदूरों को भुगतान करने के लिए रखे गए 2.50 लाख रुपये कथित रूप से छीन लिए। आरोप है कि इसी दौरान कथित रूप से फायरिंग भी की गई। परिजन पहुंचे तो सभी वहां से भाग गए। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचित किया तो पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल ने भी पहुंचकर मुआयना किया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी शुभम वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।

